जनता की राय से भाजपा बनाएगी घोषणा पत्र, 'भारत के मन की बात' से सीधे 10 करोड़ से जुड़ेगी

Loksabha Election 2019, आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने राजधानी दिल्ली से चुनावी बिगुल फूंका है। पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने अपने चुनावी अभियान भारत के मन की बात, मोदी के साथ की शुरुआत की।

By Nancy BajpaiEdited By: Publish:Sun, 03 Feb 2019 11:31 AM (IST) Updated:Sun, 03 Feb 2019 12:32 PM (IST)
जनता की राय से भाजपा बनाएगी घोषणा पत्र,  'भारत के मन की बात' से सीधे 10 करोड़ से जुड़ेगी
जनता की राय से भाजपा बनाएगी घोषणा पत्र, 'भारत के मन की बात' से सीधे 10 करोड़ से जुड़ेगी

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। दो दिन पहले ही बजट के जरिए बड़ी आबादी को साधने के बाद अब भाजपा अपने चुनावी घोषणापत्र के जरिए पूरे देश को जोड़ने की तैयारी में है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और संकल्प पत्र समिति के अध्यक्ष व केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने पार्टी के महासंपर्क अभियान को हरी झंडी दिखाकर यह स्पष्ट कर दिया है कि पार्टी बड़ी जीत की कवायद में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। इसमें दस करोड़ परिवारों से न्यू इंडिया और मोदी सरकार से उनकी अपेक्षाओं पर सुझाव मांगे जाएंगे। दरअसल औपचारिक चुनावी अभियान से पहले ही भाजपा का जनता से यह संवाद जमीन पर पकड़ और मजबूत करने के लिए भी है और शायद नब्ज टटोलने के लिए भी।

यह तय है कि आगामी लोकसभा चुनाव वादों और बयानों के मामले में बहुत तीखा होने वाला है। ऐसे में भाजपा जहां मोदी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के सहारे आने वाले परिवर्तन को बताएगी, पिछले पांच साल में पूरे किए वादों को गिनाएगी, वहीं भावी पांच साल के लिए जनता की राय लेकर उन्हें अभी से पार्टी के साथ खड़ा करेगी। पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने चुनावी महापर्व से पहले भाजपा की इस अनूठी पहल को लोकतांत्रिक पहल बताया। उन्होंने कहा कि दूसरी पार्टी से भाजपा को अंदरूनी लोकतंत्र और विचारधारा ही अलग करती है। और यही भाजपा की शक्ति है।

जनता की राय जानने के लिए देश भर की सभी चार हजार विधानसभा क्षेत्रों में साढ़े सात हजार सुझाव पेटी, तीन सौ हाइटेक एलइडी रथ, तैयार किए गए विशेष आनलाइन अकाउंट, मिस्ड काल का इंतजाम किया गया है। मोदी सरकार के पांच साल को लेकर भाजपा ने छोटी फिल्म भी तैयार की है जिसमें पांच साल पहले के भारत और अब के भारत की तुलना भी होगी और जनता की उम्मीदों और आकांक्षाओं का स्वागत करते हुए यह भी कहा जाएगा कि- 'काम करे जो, उम्मीद उसी से हो।'

सवालों जवाबों में शाह ने कहा कि कई दल चुनावी लाभ के लिए बड़े बड़े लोकलुभावन वादे किया करते रहे हैं और उससे देश का भला नहीं हुआ। मोदी सरकार ने देश को दिशा दी है। घोषणापत्र से पहले यह अभियान भी उसी दिशा में है। यह केवल भाजपा का नहीं जनता का घोषणापत्र होगा। शाह से राम मंदिर के बाबत भी सवाल किया गया और उन्होंने फिर से स्पष्ट किया कि भाजपा उसी स्थान पर जल्द से जल्द भव्य मंदिर का निर्माण चाहती है।

उन्होंने पलटवार कर पूछा कि विपक्ष बताए कि वह राम मंदिर के बारे में क्या विचार रखती है। उत्तर पूर्व में विवादों में घिरे सिटिजन विधेयक को उन्होंने देश के लिए जरूरी बताया। हालांकि यह भी स्पष्ट किया केंद्रीय गृहमंत्री संबंधित दलों से बात कर रहे हैं और हर समस्या का समाधान निकाल लिया जाएगा।

पहले सुझाव में आया राम मंदिर

दिल्ली के अशोका होटल में भाजपा का यह कार्यक्रम था और इससे पहले कि रथ को हरी झंडी दिखाई जाती, होटल के ही एक वेटर ने मंच पर रखी पेटी में अपना सुझाव दिया। बताते हैं कि मोहन चंद्र पांडे ने राम मंदिर निर्माण कराने के लिए सुझाव दिया है।

क्या है भारत के मन की बात, मोदी के साथ

भाजपा मानती है कि 2014 के अधिकतर वादों को पूरा कर दिया गया है। जमीन पर इसका असर भी दिखता है। 'भारत के मन की बात, मोदी के साथ' में इसका नजारा भी दिखेगा कि पूर्व के पांच साल से मोदी शासन के पांच साल में कितना परिवर्तन दिखा। युवा, बुजुर्ग, महिला, किसान, छोटे उद्योग हर क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव आया। लेकिन अभी और किए जाने की जरूरत है ताकि देश फिर से न पिछड़ जाए। इसीलिए नेतृत्व की सोच के साथ जनता की सोच भी सामने रखी जाएगी। प्रधानमंत्री मोदी अपेक्षाओं से डिगने वाले नहीं है, बल्कि यह विश्वास लेकर चलते हैं कि काम करेंगे तो अपेक्षाएं भी बढ़ेंगी।

शाह ने क्या कहा
इस दौरान भाजपा अध्यक्ष ने विपक्षी दलों और पूर्व की सरकारों को जमकर घेरा। उन्होंने कहा, '2014 से पहले 30 साल तक देश की समस्याओं के समाधान के लिए दूरदर्शी सोच के साथ ठोस कदम नहीं उठाए गए। 2014 से पहले चुनाव जीतने के लिए केवल झूठे वादे किए गए।' उन्होंने कहा कि सरकार पांच सालों की नहीं होती, सरकार एक सतत चलने वाली प्रक्रिया होती है, तभी जाकर देश का विकास होगा। शाह ने आगे कहा कि 30 साल बाद 2014 में देश की जनता ने मोदी जी के नेतृत्व वाली पूर्ण बहुत की सरकार बनाई। नरेंद्र मोदी सरकार ने देश की स्थिति को बदला। प्रधानमंत्री जी की दूरदर्शी नीतियों के कारण देश में दीर्घकालिक विकास की नींव रखी गई है।

अभियान की शुरुआत के बाद अमित शाह ने मीडिया के सवालों के जवाब दिए। इस दौरान राम मंदिर मसले पर उन्होंने कहा कि सरकार ने 67 एकड़ जमीन राम जन्मभूमि न्यास को वापस देने का फैसला किया है। विपक्षी पार्टियां राम मंदिर मामले में रोड़ा डाल रही हैं।

भाजपा ने चुनावी बिगुल फूंका, लोगों से मांगेगी राय
इस अभियान के माध्यम से भाजपा लोगों की राय मांगकर अपना संकल्प पत्र तैयार करेगी। इसमें राम जन्मभूमि और गंगा सफाई जैसे तमाम अहम विषय शामिल होंगे, जिनपर लोगों से राय मांगी जाएगी। भाजपा ने संकल्प पत्र तैयार करने के लिए 12 कैटेगरी बनाने की घोषण की है, जो विभिन्न विषयों पर लोगों की राय और अन्य सामग्री जुटाएंगी।

कौन नेता कौन जिम्मेदारी संभालेंगे शिवराज सिंह चौहान - कृषि व सहकारिता राजीव चंद्रशेखर - युवा व खेलकूद स्मृति ईरानी- महिला सशक्तिकरण थावरचंद गहलोत- समावेशी विकास, एससी, एसटी, पिछड़ा वर्ग, अलंपसंख्यक आदि हर्षवर्धन सुशासन- वन पर्यावरण, विज्ञान, पर्यावरण अरुण जेटली - अर्थव्यवस्था, उद्योग, व्यापार, पर्यटन प्रकाश जावडेकर- शिक्षा व कौशल बीसी खंडूरी- राष्ट्रीय सुरक्षा, आतंकवाद, सेना आदि।

chat bot
आपका साथी