ओडिशा में भी कांग्रेस को मिलेगी सफलता : प्रदेश अध्यक्ष

भाजपा शासित देश के तीन राज्यों में कांग्रेस को मिली जीत के बाद ओडिशा में भी कांग्रेस नेता उत्साहित हैं।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 14 Dec 2018 07:07 AM (IST) Updated:Fri, 14 Dec 2018 07:07 AM (IST)
ओडिशा में भी कांग्रेस को मिलेगी सफलता : प्रदेश अध्यक्ष
ओडिशा में भी कांग्रेस को मिलेगी सफलता : प्रदेश अध्यक्ष

संसू, संबलपुर : भाजपा शासित देश के तीन राज्यों में कांग्रेस को मिली जीत के बाद ओडिशा में भी कांग्रेस नेता उत्साहित है। गुरुवार को जिला के रेढ़ाखोल में कांग्रेस के शक्ति प्रदर्शन में इसका नजारा साफ नजर आया। इस शक्ति प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष निरंजन पटनायक ने साफ कर दिया कि कांग्रेस के अच्छे दिन आने लगे हैं। आगामी चुनाव में कांग्रेस को ओडिशा में भी सफलता मिलेगी। काबिलेगौर बात यह रही कि इस शक्ति प्रदर्शन में कांग्रेस के कई दिग्गजों को एक साथ मंच पर देखा गया। कुछ दिन पहले तक झारसुगुड़ा विधायक नवकिशोर दास के पार्टी छोड़ने की खबर सुर्खियों थी, लेकिन वह भी इस मंच पर अन्य दिग्गजों के साथ नजर आए। ऐसे में जनसभा में उमड़ी भीड़ में चर्चा रही कि दास का पार्टी छोड़ना अब शायद संभव नहीं।

रेढ़ाखोल के कदंब मैदान में कांग्रेस की ओर से आयोजित इस सभा में हजारों की संख्या में पुरुष-महिला और युवाओं का जुटान हुआ। कांग्रेस की ओर से रैली का भी आयोजन किया गया, जिसमें विधायक नवकिशोर दास, पूर्व विधायक संतोष सिंह सलूजा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अश्विनी गुरु, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रांतीय आवाहक आसफ अली खान, पूर्व प्रदेश सचिव सुधीर कुमार पंडा, महिला कांग्रेस की सुरेखा साहू प्रमुख शामिल रहे।

जिला अध्यक्ष अश्विनी गुरु की अध्यक्षता में हुई जनसभा में प्रदेश अध्यक्ष निरंजन पटनायक ने कहा कि इतिहास अपने आप को दोहराता है। देश के तीन राज्यों के चुनाव परिणाम इसका उदाहरण है। जनता की आवाज नहीं सुननेवाली सरकार को जवाब मिल गया है। ओडिशा में भी ऐसा ही होना है। उन्होंने किसानों की समस्या, महानदी जल विवाद, बेरोजगारी को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा, जबकि रेढ़ाखोल में जलापूर्ति की समस्या, ओडिशा में विधवा, बुजुर्गो को भत्ता नहीं मिलने पर राज्य सरकार निशाना साधा। उन्होंने आश्चर्य जताया कि पश्चिम ओडिशा में हाईकोर्ट की स्थायी खंडपीठ की मांग को लेकर वकीलों का आंदोलन 100 दिन पर पहुंच चुका है। लेकिन सरकार अब तक चुप्पी साधे हैं। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से केंद्र और राज्य सरकार की उपेक्षा पर विचार करने और कांग्रेस को एक बार फिर मौका देने का आह्वान किया।

chat bot
आपका साथी