राहुल ने निरंजन को सौंपी ओडिशा की कमान

ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रसाद हरिचंदन को हटा

By JagranEdited By: Publish:Thu, 19 Apr 2018 07:21 PM (IST) Updated:Thu, 19 Apr 2018 07:21 PM (IST)
राहुल ने निरंजन को सौंपी ओडिशा की कमान
राहुल ने निरंजन को सौंपी ओडिशा की कमान

जेएनएन, राउरकेला/संबलपुर : ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रसाद हरिचंदन को हटाने की मांग पर देर से सही, लेकिन कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने असंतुष्ट विधायकों की बात मान ली है। प्रसाद हरिचंदन के स्थान पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता निरंजन पटनायक को ओडिशा में पार्टी की कमान सौंपी गई है। गुरुवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राहुल गांधी की ओर से इस आशय का पत्र भी जारी किया गया है। इस पत्र में प्रदेश कांग्रेस में नए मुखिया की नियुक्ति समेत राज्य में संगठन को मजबूत बनाने को लेकर अन्य कई कमेटियों का गठन करने समेत पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है।

जारी पत्र के अनुसार, प्रसाद हरिचंदन के स्थान पर निरंजन पटनायक को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है। इसके समेत तीन कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए हैं। इनमें विधायक नव दास, विधायक चिरंजीवी विश्वाल तथा पूर्व सांसद प्रदीप मांझी शामिल हैं। इसके अलावा प्रचार कमेटी में पूर्व सांसद भक्तचरण दास, संयोजन कमेटी में एआइसीसी प्रभारी जीतेंद्र ¨सह को अध्यक्ष तथा जगन्नाथ पटनायक को संयोजक बनाया गया है। वहीं कोर कमेटी में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जयदेव जेना को अध्यक्ष जबकि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष शरत पटनायक को संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। अनुशासन कमेटी में पूर्व मुख्यमंत्री हेमानंद विश्वाल को अध्यक्ष तथा चुनाव घोषणा पत्र कमेटी में पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीकांत जेना को अध्यक्ष तथा शरत राउत को संयोजक बनाया गया है। कांग्रेस में प्रदेश स्तर पर इस व्यापक बदलाव से आगामी दिनों में जिलास्तर पर भी कांग्रेस की ओर से पार्टी की सूरत बदलने को लेकर बड़े बदलाव की संभावना जतायी जा रही है।

निरंजन के नेतृत्व में सशक्त बनेगी कांग्रेस: रवि राय

राउरकेला: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा ओडिशा प्रदेश कमेटी का नया अध्यक्ष निरंजन पटनायक को बनाए जाने का पीसीसी राजनीतिक सचिव रवि राय ने स्वागत किया है। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस की कमान निरंजन पटनायक को मिलने से उनके कुशल नेतृत्व में राज्य में पार्टी संगठन सशक्त होने की उम्मीद जतायी है। कहा है कि आगामी दिनों में होनेवाले निकाय चुनाव से लेकर विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस राज्य में एक बार फिर मजबूत राजनीतिक शक्ति के रूप में उभरेगी। कांग्रेस नेता कीर्तन दास, बासु बनर्जी, प्रदीप बेहरा, हितेश देहुरी ने भी प्रदेश अध्यक्ष पद पर निरंजन पटनायक की ताजपोशी का स्वागत किया है।

chat bot
आपका साथी