रोजगार एवं भ्रष्टाचार की हालत चिंताजनक

मधुसूदन मार्ग स्थित इंडियन कंप्यूटर अकादमी के छात्रों ने रोजग

By JagranEdited By: Publish:Sun, 07 Apr 2019 11:31 PM (IST) Updated:Sun, 07 Apr 2019 11:31 PM (IST)
रोजगार एवं भ्रष्टाचार की हालत चिंताजनक
रोजगार एवं भ्रष्टाचार की हालत चिंताजनक

जागरण संवाददाता, राउरकेला : मधुसूदन मार्ग स्थित इंडियन कंप्यूटर अकादमी के छात्रों ने रोजगार पर गंभीर चिंता जताते हुए नियुक्ति के क्षेत्र में आरक्षण एवं भ्रष्टाचार को युवाओं के लिए बड़ी समस्या बताया। दैनिक जागरण की ओर से पहला मुद्दा- पहला वोट परिचर्चा में छात्रों ने कहा कि सामान्य वर्ग के युवा अधिक सक्षम होने के बावजूद नौकरी से वंचित रह जा रहे हैं। यही नहीं सरकारी नौकरी में भ्रष्टाचार ने इसे और मुश्किल बना दिया है। परिचर्चा में संस्थान के निदेशक जाहिद अजीज ने कहा कि मतदान करना सभी का मौलिक अधिकार है। गणतांत्रिक देश में युवा शक्ति किसी को भी सत्ता में ला सकती है तो किसी को सत्ता से हटा भी सकती है। युवाओं के समक्ष बड़ी समस्या रोजगार की है। इसके चलते योग्यता के स्थान पर प्रमाणपत्र देखकर नौकरी दी जा रही है जो उचित नहीं है। भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों का बहिष्कार होना चाहिए।

--

युवाओं के सामने बेरोजगारी बड़ी समस्या है। शहर में महिलाओं के लिए सुरक्षा जरूरी है। ताकि रात हो या दिन महिलाएं व युवतियां बाहर से सुरक्षित घरों में लौट सकें। शहर की खराब सड़कों की मरम्मत नहीं होने से दुर्घटना हो रही है। चुनाव में मुद्दा होगा भ्रष्टाचार से मुक्ति एवं सभी को रोजगार के अलावा विकास भी हमारा मुद्दा होगा।

- सिमरन कौर।

--

राउरकेला शहर को मिनी इंडिया कहा जाता है। यहां देश के हर क्षेत्र के लोग बसे हैं। यहां कल कारखाने बंद हो चुके हैं जिससे पढ़े लिखे लोगों को भी रोजगार नहीं मिल रहा है। नौकरी नहीं मिलने के कारण लोग अपराध कर रहे हैं। राउरकेला में सभी को नौकरी एवं मेडिकल की सुविधा मिले यही इस बार हमारा मुद्दा होगा।

- संतोषी कुम्हार।

--

राउरकेला शहर में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। आए दिन महिलाओं के साथ अत्याचार एवं छिनतई हो रही है। बाहर जाने व देर होने पर घर वालों को यह चिता होती है कि हमारी बेटी सुरक्षित है या नहीं। शहर में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाना चाहिए। चुनाव में हमारा मुद्दा होगा नारी सुरक्षा, सम्मान एवं रोजगार।

- धनलक्ष्मी।

--

राउरकेला शहर में इन दिनों नौकरी खोजना बड़ी समस्या है। पढ़े लिखे लोगों को अब काम की तलाश में दूसरे शहरों में जाना पड़ता है जहां कम पैसे में वे काम कर रहे हैं एवं शोषण का शिकार हो रहे हैं। सुपर स्पेशलिटी स्वास्थ्य सेवा भी शहर में नहीं है। हमारा मुद्दा रोजगार एवं स्वास्थ्य होगा एवं इसी के आधार पर हम वोट देंगे।

-प्रतिमा सामंत।

--

युवाओं के लिए रोजगार बड़ी समस्या है। पढ़े लिखे लोगों के साथ भेदभाव किया जा रहा है। अनुसूचित जाति जनजाति को नौकरी मिलने में आसानी होती है एवं सामान्य वर्ग के ज्यादातर युवा बेरोजगार रहते हैं। हमारा मुद्दा शिक्षा एवं रोजगार है। नौकरी शिक्षा के आधार पर नहीं बल्कि योग्यता के आधार पर दी जानी चाहिए।

- आफरीन नाज।

--

प्रबंधन की पढ़ाई के लिए राउरकेला में इंडियन इंस्टीच्यूट ऑफ मैनेजमेंट जैसे बड़े संस्थान की जरूरत है। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने यहां जेवियर इंस्टीट्यूट की शाखा के लिए वादा किया था जिसे पूरा करना चाहिए था। ब्राह्मणी पुल का निर्माण शुरु नहीं हो पाया है। इस चुनाव में हमारा मुद्दा शिक्षा, स्वास्थ्य एवं परिवहन को मजबूत बनाना होगा।

- किशोर कुमार।

chat bot
आपका साथी