Raja Parba 2021: ओडिशा में शुरू हुआ तीन दिवसीय रज महोत्सव, सीएम नवीन पटनायक ने दी शुभकामनाएं
Raja Parba 2021 मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने घर में रहकर रज महोत्सव मनाने का किया अनुरोध किया है। पंथ निवास में खुला पीठा के लिए विशेष काउंटर लगाया गया है। कोरोनावायरस के कारण इस बार झूला झूलने या किसी कार्यक्रम की व्यवस्था नहीं की गई है।
भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। कोरोना महामारी के बीच ओडिशा में आज से तीन दिवसीय रज महोत्सव शुरू हुआ है। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने प्रदेशवासियों को खास करके मां एवं बहनों को अपनी शुभकामनाएं दी है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि रज महोत्सव धरती माता की उपासना तथा नारी जाति की महानता का अनुपम पर्व है। समाज में नारी के अवदान को सम्मान जताने का पर्व है। इस अवसर पर छोटी-छोटी लड़कियों से लेकर मां बहनों तक सभी के स्वास्थ्य शिक्षा को बेहतर बनाने तथा उनके सुंदर भविष्य के लिए एक स्वस्थ समाज गठन करने को मुख्यमंत्री ने आह्वान किया है। मुख्यमंत्री ने सभी से अनुरोध किया है कि कोविड नियम का अनुपालन करते हुए घर में ही रहकर रज महोत्सव का पालन करें।
पीठा ऑन व्हील
वहीं दूसरी तरफ ओड़िशा पर्यटन विकास निगम (ओटीडीसी) की तरफ से पीठा ऑन व्हील कार्यक्रम शुरू किया गया है। इस कार्यक्रम के जरिए लोगों के घर-घर तक रज पीठा पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। ओटीडीसी की अध्यक्ष श्रीमयी मिश्र ने इस कार्यक्रम का शुभारंभ किया। पिछले साल की ही तरह इस साल भी ओटीडीसी की तरफ से पंथनिवास एवं मिशन शक्ति मां के सहयोग से भुवनेश्वर, संबलपुर तथा कटक शहर में पहली रज सेसुलभ मूल्य में स्वादिष्ट पीठा मुहैया किया जा रहा है।
राजधानी भुवनेश्वर में 6 जगहों पर सुबह 7 बजे से पूर्वाह्न 11 बजे तक यह पीठा उपलब्ध किया गया है। मास्टर कैंटीन चौक, खंडगिरी, सीआरपी, पटिया, चंद्रशेखरपुर, रूपाली चौक एवं पंथनिवास में शहर के लोगों के लिए पीठा की व्यवस्था की गई है। महिला स्वयं सहायता समूह की तरफ से पीठा ऑन व्हील कार्यक्रम के जरिए पीठा बिक्री की जा रही है। यहां भी महिला स्वयं सहायता समूह की ओर से मास्क का वितरण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने ओटीडीसी के पंथनिवास एवं मिशन शक्ति मां के सहयोग से आयोजित पीठा ऑन व्हील कार्यक्रम को शुभकामना दी है।
श्रीमती मिश्र ने कहा है कि पूरी तरह से स्वच्छता प्रक्रिया का पालन करते हुए हाथ से तैयार किया गया विभिन्न प्रकार का पीठा लोगों की आवश्यकता को निश्चित रूप से पूरा करेगा। पर्यटन निदेशक सचिन आर यादव ने कहा है कि पंथनिवास में केवल प्रतीकात्मक झूले की व्यवस्था की गई है। यहां पर कोई कार्यक्रम नहीं किया जाएगा। भुवनेश्वर, कटक एवं संबलपुर के पंथनिवास में विशेष काउंटर खोल कर यह पीठा बेचा जाएगा।