बीजद से बहिष्कृत दामोदर राउत ने भाजपा का दामन थामा

राजनीति में कुछ भी असंभव नहीं है चुनाव का बिगुल बजने के बाद से यह अपने आप प्रमाणित होता जा रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 15 Mar 2019 04:23 PM (IST) Updated:Fri, 15 Mar 2019 04:23 PM (IST)
बीजद से बहिष्कृत दामोदर राउत ने भाजपा का दामन थामा
बीजद से बहिष्कृत दामोदर राउत ने भाजपा का दामन थामा

जेएनएन, भुवनेश्वर : राजनीति में कुछ भी असंभव नहीं है, चुनाव का बिगुल बजने के बाद से यह अपने आप प्रमाणित होता जा रहा है। इसका सबसे बड़ा प्रमाण दिया है कभी बीजू जनता दल के वरिष्ठ एवं कद्दावर नेता माने जाने वाले बीजद से बहिष्कृत पूर्व मंत्री दामोदर राउत ने। भाजपा को पानी पी-पीकर कोसने वाले दामोदर राउत गुरुवार को भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा मुख्यालय, नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री धर्मेद्र प्रधान एवं पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत जय पंडा, राज्य प्रभारी अरुण सिंह, विधायक दल के नेता कनकव‌र्द्धन सिंहदेव की उपस्थिति में राउत ने भगवा धारण कर लिया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री प्रधान ने कहा कि दाम बाबू का हम सब भाजपा में स्वागत करते हैं। वह बीजू बाबू के आदर्श पर चलने वाले नेता हैं। वह हर समय आदिवासी एवं पिछड़े वर्ग के लोगों के हित के बारे में सोचते रहते हैं।

भाजपा में शामिल होने के बाद दामोदर राउत ने धर्मेद्र प्रधान को ओडिशा का गौरव बताते हुए बीजद को जमकर कोसा। कहा कि नवीन बाबू की सोच बीजू बाबू से ठीक उल्टी है। नवीन बाबू ओडिशावासियों से प्रेम नहीं करते हैं। ओड़िया में नहीं बोलते हैं। नवीन बाबू भ्रष्टाचार को प्रसय देते हैं। मैने चारा घोटाले को लेकर नवीन बाबू के पास शिकायत की थी। वह कार्रवाई करने के बदले मुझे ही पार्टी से निकाल दिया।

राउत ने कहा कि पिछले 6 महीने से मैं पूरे राज्य में घूम रहा हूं और लोगों को नवीन बाबू के शासनकाल की खामियां बता रहा हूं। यदि लोग फिर नवीन को अपना समर्थन देंगे तो राज्य डूब जाएगा। बीजद के 37 नेता सीबीआइ की नजर में हैं। इसके बाद दामोदर राउत ने पार्टी नेताओं के साथ भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से उनके आवास पर जाकर मुलाकात की।

chat bot
आपका साथी