पाकिस्तान में लोकतंत्र का समर्थन करता रहेगा अमेरिका

अमेरिकी उप राष्ट्रपति ने इस बात पर जोर दिया कि अमेरिका एक लोकतांत्रिक पाकिस्तान के साथ खड़ा है।

By Edited By: Publish:Sun, 28 Sep 2014 08:18 AM (IST) Updated:Sun, 28 Sep 2014 08:20 AM (IST)
पाकिस्तान में लोकतंत्र का समर्थन करता रहेगा अमेरिका

संयुक्त राष्ट्र। अमेरिका के उप राष्ट्रपति जो बिडेन ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को भरोसा दिलाया है कि वाशिंगटन इस्लामाबाद में लोकतंत्र का पुरजोर समर्थन करता है। इसलिए पाकिस्तान को विकास एवं समृद्धि के लिए अमेरिका से मदद मिलती रहेगी।

बिडेन और शरीफ की मुलाकात संयुक्त राष्ट्र महासभा के वार्षिक सत्र से इतर शुक्रवार को हुई थी। अमेरिकी राष्ट्रपति भवन व्हाइट हाउस ने शनिवार को बताया कि बिडेन और शरीफ की मुलाकात एक घंटे से ज्यादा समय तक चली। पहले यह बैठक प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई।

उसके बाद दोनों नेताओं ने अकेले में भी वार्ता की। बैठक के दौरान नेताओं ने अमेरिका और पाक के कई साझा हितों पर जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ साझा संघर्ष जारी रखने और व्यापार एवं ऊर्जा सहयोग को विस्तार देने के महत्व पर जोर दिया।

अमेरिकी राष्ट्रपति भवन ने कहा, "उप राष्ट्रपति ने इस बात पर जोर दिया कि अमेरिका एक लोकतांत्रिक पाकिस्तान के साथ खड़ा है।" बिडेन और शरीफ ने अफगान नेताओं के बीच एकता बनाने की सहमति बन जाने का स्वागत किया।

उन्होंने एक संप्रभु अफगानिस्तान और एक स्थिर एवं शांतिपूर्ण क्षेत्र के लिए समर्थन को दोहराया। व्हाइट हाउस ने कहा कि शरीफ ने बिडेन को उत्तरी वजीरिस्तान में पाकिस्तान के सैन्य अभियानों की जानकारी दी और उनका महत्व बताया।

इसके साथ ही दोनों नेताओं ने यह स्वीकार किया कि पाकिस्तानी नागरिकों को इस इलाके में हिसक चरमपंथियों के हाथों भारी नुकसान झेलना पड़ा है।

chat bot
आपका साथी