सीरिया शांति वार्ता विफल, वार्ताकार ने दिया इस्तीफा

सीरिया में राजनीतिक स्थिरता लाने के लिए शांति वार्ता शुरू की गई थी।वार्ता के विफल होने के बाद मुख्य वार्ताकार मुहम्मद अलौश ने इस्तीफा दे दिया है।

By Sanjeev TiwariEdited By: Publish:Mon, 30 May 2016 03:32 PM (IST) Updated:Mon, 30 May 2016 07:40 PM (IST)
सीरिया शांति वार्ता विफल, वार्ताकार ने दिया इस्तीफा

अम्मान, रायटर। पांच वर्षो से खूनी संघर्ष में झुलस रहे सीरिया में शांति लाने की उम्मीद धूमिल हो गई है। संयुक्त राष्ट्र समर्थित जेनेवा शांति वार्ता के विफल होने के बाद विद्रोही गुटों के मुख्य वार्ताकार मुहम्मद अलौश ने इस्तीफा दे दिया है। वार्ता के लिए गठित उच्चस्तरीय समिति के अध्यक्ष रियाद हिजाब ने उनका त्यागपत्र स्वीकार कर लिया है।

सीरिया में राजनीतिक स्थिरता लाने के लिए शांति वार्ता शुरू की गई थी। विद्रोही संगठनों में एक जैश अल इस्लाम से जुड़े अलौश सऊदी अरब समर्थित उच्च वार्ता समिति (एचएनसी) की ओर से सीरियाई सरकार समेत अन्य पक्षकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बताया कि शांति वार्ता के जरिये न तो हिरासत में लिए गए हजारों लोगों को आजाद कराया जा सका और न ही राष्ट्रपति बसर अल असद के बिना राजनीतिक समाधान तलाशा जा सका। विपक्ष की एक भी मांग को स्वीकार नहीं किया गया है, ऐसे में शांति वार्ता सिर्फ समय की बर्बादी है। उन्होंने असद पर वार्ता को गंभीरता से नहीं लेने का भी आरोप लगाया है। सीरियाई सरकार की नजर में अलौश आतंकी हैं।

पढ़ेंः यौन गुलाम बनी लड़कियों को ऑनलाइन बेच रहा ISIS

सीरिया के मुख्य विद्रोही गुट की ओर से वार्ता में शामिल असाद अल-जौबी ने भी एचएनसी से हटने की इच्छा जताई है। दूसरी ओर, तुर्की में स्थित सीरियाई विद्रोही गुट ने विदेशी ताकतों से सैन्य अभियान तेज करने की मांग की है, ताकि रक्का को आइएस आतंकियों के कब्जे से मुक्त कराया जा सके। तुर्की ने सीरिया में विशेष अभियान चलाने के लिए अमेरिका को सैन्य गठजोड़ करने का प्रस्ताव भी दिया है।

पढ़ेंः अमेरिका के शीर्ष कमांडर ने किया सीरिया का गोपनीय दौरा

chat bot
आपका साथी