अमेरिका के मोडेस्टो शहर की पुलिस ने सिख को दी नौकरी, दिलाई शपथ

अमेरिकी प्रांत कैलिफोर्निया के मोडेस्टो शहर में पहले सिख को बतौर पुलिस अधिकारी शपथ दिलाई गई है।

By anand rajEdited By: Publish:Thu, 16 Jun 2016 01:07 AM (IST) Updated:Thu, 16 Jun 2016 03:06 AM (IST)
अमेरिका के मोडेस्टो शहर की पुलिस ने सिख को दी नौकरी, दिलाई शपथ

सैन फ्रांसिस्को। अमेरिकी प्रांत कैलिफोर्निया के मोडेस्टो शहर में पहले सिख को बतौर पुलिस अधिकारी शपथ दिलाई गई है। वह पगड़ी और दाढ़ी के साथ काम कर सकते हैं।

स्थानीय मीडिया के अनुसार, भारत में जन्मे 28 वर्षीय वरिंदर खुनखुन अन्य दो अधिकारियों के साथ 11 जून को नेपा पुलिस अकादमी से ग्रेजुएट हुए हैं। इस साल अब तक खुनखुन समेत 33 अधिकारियों को मोडेस्टो पुलिस विभाग ने नियुक्त किया है।

मोडेस्टो में शपथ समारोह से पहले खुनखुन ने कहा, 'मैंने पगड़ी पहने पुलिस अधिकारी को कभी नहीं देखा है। मैं यह मौका दिए जाने के लिए विभाग का शुक्रगुजार हूं।' मोडेस्टो पुलिस विभाग की नीति के अनुसार, अधिकारियों के लिए क्लीन शेव रहना आवश्यक है। हालांकि मूंछ रखने की इजाजत है। खुनखुन ने नौकरी के लिए एक साल पहले पुलिस प्रमुख गैलेन कैरोल से संपर्क किया था और दाढ़ी व पगड़ी के साथ काम करने की इच्छा बताई थी।

कैरोल ने कहा, 'मैंने उनसे कहा था कि यह कोई मसला नहीं है। हम उनकी धार्मिक आस्था के अनुसार नियुक्ति कर देंगे। खास बात यह है कि हम उच्च चरित्र वाले लोगों की तलाश कर रहे हैं।'

chat bot
आपका साथी