साक्षी के बाद विनेश और दिव्या भी कुश्ती के फाइनल में, 3 पदक हुए पक्के

साक्षी, विनेश फोगाट और दिव्या काकरन ने देश के लिए कम से कम रजत पदक तो पक्के ही कर लिए हैं।

By Bharat SinghEdited By: Publish:Fri, 12 May 2017 03:25 PM (IST) Updated:Fri, 12 May 2017 04:35 PM (IST)
साक्षी के बाद विनेश और दिव्या भी कुश्ती के फाइनल में, 3 पदक हुए पक्के
साक्षी के बाद विनेश और दिव्या भी कुश्ती के फाइनल में, 3 पदक हुए पक्के

नई दिल्ली, पीटीआइ। एशियन कुश्ती चैंपियनशिप में साक्षी मलिक के बाद भारत की दो और महिला पहलवान फाइनल राउंड में पहुंच गई हैं। साक्षी, विनेश फोगाट और दिव्या काकरन ने देश के लिए कम से कम रजत पदक तो पक्के ही कर लिए हैं। 

दिव्या तीसरी महिला पहलवान हैं, जिन्होंने शुक्रवार को फाइनल में जगह बनाई। दिव्या 69 किलो वर्ग में देश का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। उनसे पहले साक्षी मलिक और विनेश फोगाट ने फाइनल में जगह बनाई। साक्षी का फाइनल में मुकाबला ओलंपिक की स्वर्ण पदक विजेता जापानी पहलवान रिसाको कवाई से होगा।

60 किलो वर्ग में भारत की ओर से लड़ रही साक्षी ने इस बार अपना वजन और वर्ग बढ़ाया है। उन्होंने सेमीफाइनल में कजाकस्तान की आयालिम कासिमोवा को 15-3 से मात दी। क्वार्टर फाइनल में उन्होंने उजबेक पहलवान नाबिरा एसेनबेवा को 6-2 से हराया था। 

विनेश ने 55 किलो वर्ग के क्वार्टर फाइनल में उजबेकिस्तान की सेवारा एशमुरातोवा को 10-0 से मात दी। इसके बाद उन्होंने चीन की की जांग को 4-0 से हराया। 

वहीं, दिव्या ने ताइपे की चेन-ची हुआंग को 2-0 से और इसके बाद कोरिया की येनयांग पार्क को 12-4 से हराकर फाइनल तक का सफर तय किया। 

भारत की रितु फोगाट को 48 किलो वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में जापान की युइ सूसाकी से 0-9 से हार मिली। वह अब कांस्य पदक के लिए मुकाबला करेंगी। भारत की ओर से केवल पिंकी (53 किलो वर्ग) ही ऐसी महिला पहलवान रहीं, जो क्वार्टरफाइनल में हारकर बाहर हो गईं। 

आइपीएल की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें

खेल जगत की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी