Weather: बर्फबारी से बढ़ी ठिठुरन, उत्तर भारत में और गिरेगा पारा, अगले तीन दिनों तक दिल्ली रहेगी शीतलहर की चपेट में

Weather Updates सोमवार को शिमला का न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस था जबकि मंगलवार को 3.6 डिग्री दर्ज किया गया था। धर्मशाला में 2.8 की तुलना में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

By Dhyanendra SinghEdited By: Publish:Tue, 15 Dec 2020 10:39 PM (IST) Updated:Wed, 16 Dec 2020 07:20 AM (IST)
Weather: बर्फबारी से बढ़ी ठिठुरन, उत्तर भारत में और गिरेगा पारा, अगले तीन दिनों तक दिल्ली रहेगी शीतलहर की चपेट में
पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में शीतलहर का कहर रहेगा जारी

जागरण टीम, नई दिल्ली। पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी से मैदानी राज्यों में ठंड बढ़ गई है। शीतलहर से बढ़ी ठिठुरन का आम जनजीवन पर भी असर पड़ा है। कई राज्यों में न्यूनतम तापमान माइनस तक लुढ़क गया है। लद्दाख के द्रास में तो पारा शून्य से 24 डिग्री नीचे चला गया है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि उत्तर भारत में पारा अभी और गिरेगा। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में शीतलहर का कहर जारी रहने का अनुमान है। मध्य और पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान में और गिरावट हो सकती है।

वादी में हाड़ कंपा देने वाली ठंड

वादी में सर्दियों का सबसे कठिन दौर कहलाने वाले चिल्लेकलां में अभी पांच दिन बाकी हैं, लेकिन हाड़ कंपा देने वाली ठंड ने अभी से ही अपना तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। अधिकतर क्षेत्रों में तापमान शून्य से नीचे चले जाने के कारण डल झील समेत जलस्त्रोत जमने लगे हैं। वादी में गुलमर्ग का न्यूनतम तापमान माइनस 10.2 डिग्री सेलसियस, जबकि लद्दाख में द्रास में न्यूनतम तापमान माइनस 24.6 डिग्री सेलसियस पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में वादी में मौसम शुष्क और ठंड का प्रकोप इसी तरह बने रहने की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश में ठंड से निजात नहीं, धर्मशाला में तापमान 1.6 डिग्री

हिमाचल प्रदेश में चार दिन से धूप खिल रही है, लेकिन ठंड से निजात नहीं मिल रही है। सोमवार को शिमला का न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस था, जबकि मंगलवार को 3.6 डिग्री दर्ज किया गया था। धर्मशाला में 2.8 की तुलना में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को केलंग सबसे अधिक ठंडा रहा। यहां पर न्यूनतम तापमान माइनस 6.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सबसे अधिकतम तापमान बिलासपुर में तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस रहा। इसी तरह प्रदेश के अधिकतर जिलों में तापमान में गिरावट आई है। सुबह-शाम धुंध छाने से शीतलहर बढ़ गई है।

उत्तराखंड का अल्मोड़ा सबसे सर्द रहा, तापमान 0.9 डिग्री सेल्सियस

उत्तराखंड का अल्मोड़ा सबसे सर्द रहा, यहां न्यूनतम तापमान 0.9 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा चम्पावत और पिथौरागढ़ में तापमान दो डिग्री सेल्सियस से कम रहा।जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में कई स्थानों पर पारा काफी नीचे चले जाने से सर्दी का असर मैदानी राज्यों में भी दिखाई दिया।

बुधवार को दिल्ली सहित कई राज्यों में तापमान और गिर सकता है, ठंड और बढ़ेगी

देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 4.1 व राजस्थान के पिलानी में 5.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। पंजाब के ज्यादातर शहरों का न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। मंगलवार को अमृतसर सबसे ठंडा रहा। यहां का अधिकतम तापमान 14.8 व न्यूनतम 8.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को दिल्ली सहित कई राज्यों में न्यूनतम तापमान और गिर सकता है, जिससे ठंड और बढ़ेगी।

अगले तीन दिनों तक दिल्ली शीतलहर की चपेट में रहेगी

मौसम विभाग के क्षेत्रिय मौसम पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख डा. कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि अगले तीन दिनों तक दिल्ली शीतलहर की चपेट में रहेगी।

शहरों का न्यूनतम तापमान

शहर,           तापमान
केलंग             -6.4
मनाली            0.2
सोलन             0.5
अल्मोड़ा          0.9
डलहौजी          1.4
धर्मशाला         1.6
पिथौरागढ़       01.9
चम्पावत         02.0

chat bot
आपका साथी