दक्षिण-पूर्वी भारत में कई जगहों पर गया था आतंकी हसन, एनआइए की जांच में खुलासा

केरल की अदालत ने सभी नौ आरोपितों को ट्रांजिट रिमांड में भेजा। आतंकी मुर्शीद हसन दक्षिण और पूर्वी भारत के कई जगहों पर गया था।

By Shashank PandeyEdited By: Publish:Mon, 21 Sep 2020 09:25 AM (IST) Updated:Mon, 21 Sep 2020 09:25 AM (IST)
दक्षिण-पूर्वी भारत में कई जगहों पर गया था आतंकी हसन, एनआइए की जांच में खुलासा
दक्षिण-पूर्वी भारत में कई जगहों पर गया था आतंकी हसन, एनआइए की जांच में खुलासा

कोच्चि, प्रेट्र। देश को दहलाने की अल कायदा की साजिश को नाकाम करने वाली राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) ने केरल की एक अदालत को बताया कि इस मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपित मुर्शीद हसन दक्षिण और पूर्वी भारत के कई जगहों पर गया था। वह अल कायदा की हिंसक विचारधारा से बहुत अधिक प्रभावित था। एर्नाकुलम की प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट-दो को एनआइए ने बताया कि उसे विश्वसनीय जानकारी मिली थी कि कुछ संदिग्ध देश में आतंकी घटनाओं को अंजाम देने के लिए धन एकत्र करने के साथ ही युवाओं को अपने गिरोह में शामिल कर रहे हैं। 

एनआइए ने कहा है कि गिरफ्तार संदिग्धों के अलावा भी कई लोग देश में आतंकी घटनाओं को अंजाम देने की साजिश रचने में शामिल हैं। एजेंसी ने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों को दिल्ली की विशेष अदालत में पेश किया जाना है और ट्रांजिट रिमांड की मांग की। इसके बाद अदालत ने एनआइए की मांग मंजूर करते हुए सभी आरोपितों को ट्रांजिट रिमांड में भेज दिया।

बंगाल और केरल से अलकायदा के 9 आतंकी गिरफ्तार

भारत में अपना ठिकाना बनाने की अल कायदा के मंसूबे को नाकाम करते हुए एनआइए ने उसके नौ संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया था। एनआइए ने 18-19 सितंबर की रात को केरल के एर्नाकुलम और बंगाल के मुर्शीदाबाद में ताबड़तोड़ छापेमारी कर इनकी गिरफ्तारी की थी। इनमें से मुर्शीद हसन समेत तीन को एर्नाकुलम से और बाकी को मुर्शीदाबाद से गिरफ्तार किया गया था।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन अलकायदा की भारत में बढ़ रही सक्रियता पर लगाम लगाते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) ने बंगाल और केरल के मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। एनआइए ने शुक्रवार देर रात छापेमारी कर बंगाल और केरल से नौ आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से छह बंगाल के मुर्शीदाबाद से और तीन केरल के एर्नाकुलम से पकड़े गए हैं। एनआइए के अधिकारियों ने बताया है कि इन आतंकवादियों ने राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली सहित देश के प्रमुख मेट्रो शहरों में आतंकी हमले की साजिश रची थी।

chat bot
आपका साथी