अमरनाथ यात्रियों पर आतंकी हमला, 7 की मौत, पीएम ने की घटना की निंदा

अनंतनाग के बटेंगू में सोमवार रात आतंकियों ने अमरनाथ श्रद्धालुओं पर अधाधुंध गोलीबारी में बस में सवार सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई।

By Bhupendra SinghEdited By: Publish:Tue, 11 Jul 2017 05:09 AM (IST) Updated:Tue, 11 Jul 2017 05:29 AM (IST)
अमरनाथ यात्रियों पर आतंकी हमला, 7 की मौत, पीएम ने की घटना की निंदा
अमरनाथ यात्रियों पर आतंकी हमला, 7 की मौत, पीएम ने की घटना की निंदा

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर : दक्षिण कश्मीर में अनंतनाग के बटेंगू में सोमवार रात आतंकियों ने अमरनाथ श्रद्धालुओं और सुरक्षाबलों के काफिले पर हमला किया। अधाधुंध गोलीबारी में बस में सवार सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 12 श्रद्धालु व पांच पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। हमले के बाद मोटरसाइकिल सवार आतंकी भाग निकले। पूरे इलाके में अलर्ट घोषित करते हुए श्रीनगर से जवाहर सुरंग तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। बस में सभी श्रद्धालु गुजरात के हिम्मतनगर के बताए गए हैं। मृतकों में पांच महिलाएं और दो पुरुष श्रद्धालु शामिल हैं।

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने हमले की कड़ी निंदा की है। आतंकियों ने बटेंगू में गुजर रही पुलिस की बख्तरबंद गाड़ी पर रात आठ बजे हमला किया। जवानों की जवाबी कार्रवाई के बाद आतंकी वहां से खन्नाबल की तरफ भागे। उन्होंने रास्ते में एक पुलिस नाके पर गोलीबारी की। इसमें पांच पुलिस कर्मी जख्मी हो गए। अन्य कर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। आतंकी वहां से गोलीबारी करते हुए भागने लगे। इस दौरान बालटाल से जम्मू आ रही श्रद्धालुओं की बस को भी आतंकियों ने निशाना बनाया। किसी को भी संभलने का मौका नहीं मिला। बस में सवार दो महिला श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई। बाकी ने अस्पताल में दम तोड़ा। जिस बस पर यह हमला हुआ वह जत्थे का हिस्सा नहीं थी। इस बस के साथ कितनी सुरक्षा व्यवस्था थी, इसकी भी जांच की जा रही है।

 आइजी कश्मीर मुनीर अहमद खान ने कहा कि आतंकियों का निशाना यात्री बस नहीं थी। उन्होंने वहां से गुजर रहे पुलिस वाहन पर हमला किया था। इसी दौरान बस भी गोलीबारी की चपेट में आ गई। पांच पुलिसकर्मियों समेत 17 जख्मी लोगों को पास के अस्पताल में भर्ती करवाया है। उनकी हालत गंभीर बताई गई है। एहतियात के तौर पर जम्मू-श्रीनगर हाईवे को बंद कर दिया है।

 सूत्रों के अनुसार बाइक पर तीन आतंकी सवार थे। इनमें से एक की पहचान इस्माइल के रूप में हुई है। वहीं प्रशासन ने इंटरनेट सेवा को बंद कर दिया है।

शांतिप्रिय अमरनाथ यात्रियों पर आतंकी हमले की खबर से बहुत दुख हुआ है। इसकी कड़ी निंदा होनी चाहिए। भारत इस तरह के कायर हमलों के सामने कभी नहीं झुकेगा-नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री।

 

अमरनाथ यात्रियों पर आतंकी हमला अत्यंत घृणित कार्य है। शोक संतप्त परिवारों के लिए मेरी संवेदना। इस घटना से आतंकवाद को उखाड़ फेंकने का हमारा संकल्प और मजबूत होगा -अरुण जेटली, रक्षा मंत्री।

 गृहमंत्री ने की मुख्यमंत्री व राज्यपाल से बात

 नई दिल्ली : देश के गृहमंत्री राजनाथ ने हमले के बाद जम्मू कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती सईद और राज्यपाल एनएन वोहरा से फोन पर बात कर हालात पर चर्चा की। उन्होंने जख्मी लोगों की पूरी मदद का भरोसा भी दिलाया। राजनाथ ने जम्मू कश्मीर के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत कर अमरनाथ यात्रा को सुरक्षा की दृष्टि से पुख्ता बनाने के निर्देश भी दिए हैं। वहीं एनएसए अजीत डोभाल ने पीएमओ पहुंचकर एक हाईलेवल मीटिंग की। गौरतलब है कि सुरक्षा एजेंसियों ने अमरनाथ यात्रा के आतंकी निशाने पर होने की बात कही थी और अलर्ट जारी किया था, जिसके बाद श्रद्धालुओं की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम का दावा किया गया था।

 अतिथियों पर ही नहीं कश्मीरियत पर हमला : महबूबा

राज्य ब्यूरो, जम्मू : राज्यपाल एनएन वोहरा और मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने श्रद्धालुओं पर आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताई है। मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने यात्रियों पर हमले पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यात्री कश्मीर के अतिथि हैं। जम्मू कश्मीर की संस्कृति व सौहार्द को नुकसान पहुंचाया गया है। समय आ गया है कि कश्मीर में हर अच्छी सोच वाले लोगों को इस तरह की घटना की कड़ी निंदा करनी चाहिए। यह सिर्फ अतिथियों पर ही हमला नहीं है, बल्कि कश्मीर व कश्मीरियत पर भी हमला है। हमें ऐसी हिंसा से जल्दी बाहर आना होगा। वहीं मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने उपमुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह के साथ सोमवार देर रात दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग में घटनास्थल का दौरा कर राहत अभियान को तेजी दी। गृह मंत्रालय ने दिल्ली से विशेष विमान श्रीनगर भेजा है, जो सुबह मृतकों के शवों को लेकर रवाना हो जाएगा।

 वर्ष 1993 के बाद अमरनाथ यात्रा पर हुए हमले

-1993 : दो हमलों में तीन मौतें

-1994 : दो यात्रियों की मौत

-1995 : तीन हमले, नुकसान नहीं

-1996 : हमले हुए पर क्षति नहीं

-2000 : 35 लोग मारे गए

-2001 : 15 श्रद्धालुओं की मौत

-2002 : दो हमलों में 10 श्रद्धालु मारे गए, 25 घायल

-2003 : आतंकियों ने वैष्णोदेवी के आधार शिविर पर हमला कर आठ श्रद्धालुओं को मार डाला।

यह भी पढें: यूपी का आतंकी कश्मीर में गिरफ्तार

यह भी पढें: राजधानी में बढ़ाई गई धार्मिक स्थलों की सुरक्षा

chat bot
आपका साथी