बेटी पर लट्टू हुआ छात्र, तो शिक्षिका ने कर दी उसकी हत्‍या

हिंदी की शिक्ष‍िका नजमा खातून को बुधवार को आठवीं कक्षा के छात्र विनय मेहतो की हत्‍या के जुर्म में गिरफ्तार कर लिया गया है।

By Manoj YadavEdited By: Publish:Wed, 10 Feb 2016 01:06 PM (IST) Updated:Wed, 10 Feb 2016 01:36 PM (IST)
बेटी पर लट्टू हुआ छात्र, तो शिक्षिका ने कर दी उसकी हत्‍या

रांची। हिंदी की शिक्षिका नजमा खातून को बुधवार को आठवीं कक्षा के छात्र विनय महतो की हत्या के जुर्म में गिरफ्तार कर लिया गया है। शिक्षिका ने छात्र की हत्या इसलिए कर दी थी क्योंकि वह उसकी 11 वर्षीय बेटी को चाहता था और शिक्षिका को यह बात मंजूर नहीं थी।

विनय का शव 30 वर्षीय शिक्षिका नजमा के घर के बाहर से बरामद किया गया। वह अपने पति और दो बच्चों के साथ घर में रहती थी। रांची के एसएसपी कुलदीप द्विवेदी ने बताया कि शिक्षिका, उसके पति और दोनों बच्चों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

द्विवेदी ने बताया कि यह गिरफ्तारी फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स के द्वारा जुटाए गए वैज्ञानिक सबूतों के आधार पर की गई। इस खुलासे के बाद विनय के परिजन सदमे में हैं। उसके पिता ने कहा कि यह घटना हमारे समाज और गुरु-शिष्य संबंधों के पतन को दिखाती है।

लड़की के माता-पिता इस प्रेम संबंध का विरोध कर रहे थे क्योंकि लड़का और लड़की इसके लिए अभी काफी कम उम्र के थे। पुलिस ने बताया कि शिक्षिका आधी रात को लड़के के आने का इंतजार कर रही थी। उसे रात में बुरी तरह पीटने के बाद छत से नीचे फेंक दिया गया था। इलाज के दौरान अधमरे लड़के ने अस्पताल में ही दम तोड़ दिया।

उधर स्थानीय नागरिकों ने शिक्षिका के खिलाफ प्रदर्शन करना शुरू कर दिया है।

chat bot
आपका साथी