कर्नाटक: प्रपोजल ठुकराने पर सिरफिरे ने युवती को उतारा मौत के घाट, गाड़ी से टक्कर मारकर ली जान

कर्नाटक के हासन जिले में युवती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने एक युवती को सड़क हादसे के बहाने मौत के घाट उतार दिया। आरोपी ने कार से युवती को जोरदार टक्कर मार दी जिससे उसकी जान चली गई।

By Manish NegiEdited By: Publish:Sat, 20 Aug 2022 10:58 AM (IST) Updated:Sat, 20 Aug 2022 10:58 AM (IST)
कर्नाटक: प्रपोजल ठुकराने पर सिरफिरे ने युवती को उतारा मौत के घाट, गाड़ी से टक्कर मारकर ली जान
प्रपोजल ठुकराने पर सिरफिरे ने युवती को उतारा मौत के घाट (प्रतीकात्मक तस्वीर)

हासन (कर्नाटक), एजेंसी। कर्नाटक में एक कार हादसे में लड़की को मौत के घाट उतारने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी शख्स को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने जानबूझकर एक लड़की को कार से टक्कर मारकर उसकी जान ले ली। हैरान कर देने वाला ये मामला हासन जिले का है।

हिट एंड रन केस में लड़की की हत्या की वजह जो सामने आई है, वो हैरान कर देने वाली है। जांच से पता चला कि लड़की ने आरोपी के प्रस्ताव को कई बार ठुकरा दिया था। जिससे नाराज होकर आरोपी ने उसकी हत्या करने का फैसला किया।

पुलिस के अनुसार, मृतका का नाम शरण्या है जबकि आरोपी की पहचान जीआर भरत के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि सकलेशपुर का रहने वाले भरत ने कार से शरण्या को टक्कर मार दी। शरण्या को टक्कर मारने के बाद कार ऑटो और दो बाइक और बस से भी टकरा गई थी। हादसे के बाद आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गया था।

हादसे में बुरी तरह घायल हुई शरण्या की अगले दिन अस्पताल में मौत हो गई थी। हादसे को लेकर शरण्या के माता-पिता ने शिकायत दर्ज कराई थी। प्रारंभिक जांच में इसे सड़क दुर्घटना या हिट एंड रन का मामला माना जा रहा था।

आरोपी ने बताई हत्या की वजह

पुलिस ने मामला दर्ज कर इसकी जांच शुरू की। हादसे के आरोपी भरत को हिरासत में लेकर उससे सख्ती से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान भरत ने शरण्या को कार से टक्कर मारने की बात कबूल कर ली। उसने इसके पीछे वजह भी बताई।

मैसूर से किराए पर ली कार

भरत ने बताया कि शरण्या ने उसके प्रस्ताव को बार-बार ठुकरा दिया था। इसलिए गुस्से में आकर उसने शरण्या की हत्या का प्लान बनाया। भरत सड़क दुर्घटना के बहाने उसे मारना चाहता था। भरत ने बताया कि उसने कार मैसूर से किराए पर ली। शरण्या को टक्कर मारने के बाद वो गाड़ी पर कंट्रोल नहीं कर पाया जिससे कार की बाकी वाहनों से भी टक्कर हो गई।

chat bot
आपका साथी