नगर निगम ने घर किया सील, 4 घंटे कैद में रहे लोग

नगर निगम दक्षिणी द्वारा शनिवार को तुगलकाबाद एक्सटेंशन में स्थित 13 बी ब्लॉक में अनधिकृत रूप से बनाए गए घर को सील किए जाने का अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई के दौरान विजय गुप्ता के घर में कई लोग मौजूद थे, लेकिन निगम के अधिकारी बाहर से ही दरवाजे पर

By Sanjay BhardwajEdited By: Publish:Sun, 03 May 2015 09:07 AM (IST) Updated:Sun, 03 May 2015 09:21 AM (IST)
नगर निगम ने घर किया सील, 4 घंटे कैद में रहे लोग

नई दिल्ली [जासं]। नगर निगम दक्षिणी द्वारा शनिवार को तुगलकाबाद एक्सटेंशन में स्थित 13 बी ब्लॉक में अनधिकृत रूप से बनाए गए घर को सील किए जाने का अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई के दौरान विजय गुप्ता के घर में कई लोग मौजूद थे, लेकिन निगम के अधिकारी बाहर से ही दरवाजे पर सील लगाकर चले गए। इस कारण चार घंटे तक घर के लोगों को अंदर ही कैद में रहना पड़ा। यह घटना दोपहर लगभग 12 बजे की है।

मिली जानकारी के अनुसार, तुगलकाबाद एक्सटेंशन स्थित 13 बी ब्लॉक में स्थित आरजेड 465 मकान में विजय गुप्ता अपने परिवार के साथ रहते हैं। निगम के अधिकारियों द्वारा घर को सील कर देने से विजय और उनके परिवार के सात सदस्य घर के भीतर कैद हो गए। इनमें एक 90 साल की वृद्ध महिला चरण देवी और 4 माह की बच्ची भी थी। वृद्धा का दो माह पहले ही रीढ़ की हड्डी का ऑपरेशन हुआ है। उनकी तबीयत भी ठीक नहीं थी। उन्हें अस्पताल ले जाना था जिसके लिए एंबुलेंस भी बुलवाई गई थी। मगर घर को सील कर दिए जाने के कारण एंबुलेंस वापस लौट गई।

खबर मिलते ही वहां पहुंचे विजय गुप्ता के रिश्तेदारों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने एमसीडी के अधिकारियों को फोन करके बुलाया और तब कहीं जाकर शाम करीब चार बजे उन्हें घर से निकाला जा सका।

पहले से सील है चौथी व पांचवीं मंजिल

सील किए गए इस पांच मंजिले घर के चौथी व पांचवीं मंजिल को एमसीडी ने 20 दिन पहले ही सील की थी। इसकी वजह नगर निगम ने अवैध रूप से किया गया निर्माण बताया था। निगम ने इस भवन के दूसरे और तीसरे मंजिल के निर्माण को भी अवैध घोषित किया है, लेकिन परिवार के सदस्यों का कहना है कि इसके लिए उन्हें अब तक एमसीडी ने कोई नोटिस नहीं दिया था।

सील के दौरान घर में नहीं थे लोग

नगर निगम दक्षिणी के निदेशक, प्रेस एवं सूचना मुकेश यादव ने बताया कि सील किए जाने को लेकर नोटिस भेजा गया था। साथ शनिवार को घर का मुख्य गेट सील किए जाने के समय उस घर में कोई भी नहीं था। मगर इसके बाद गुप्ता परिवार के लोग अपने सामने की इमारत से दूसरी मंजिल की बालकनी के रास्ते अपने घर में प्रवेश कर गए थे।

पढ़ें : सीएम केजरी ने लगाई क्लास, स्कूलों के प्रधानाचार्य बने छात्र

पढ़ें : कुत्तों की नसबंदी पर खर्च कर दिए 1.11 करोड़

chat bot
आपका साथी