Weather Update: बर्फबारी से उत्तर भारत में प्रदूषण से राहत, दिल्ली-NCR में बढ़ी ठंड, श्रीनगर में शून्य से नीचे तापमान

उत्तराखंड जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में गुरुवार को बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में दिखाई दे रहा है। कई राज्यों में16 डिग्री तक गिरा तापमान।

By Manish PandeyEdited By: Publish:Thu, 07 Nov 2019 10:32 PM (IST) Updated:Fri, 08 Nov 2019 07:37 AM (IST)
Weather Update: बर्फबारी से उत्तर भारत में प्रदूषण से राहत, दिल्ली-NCR में बढ़ी ठंड, श्रीनगर में शून्य से नीचे तापमान
Weather Update: बर्फबारी से उत्तर भारत में प्रदूषण से राहत, दिल्ली-NCR में बढ़ी ठंड, श्रीनगर में शून्य से नीचे तापमान

नई दिल्ली, जेएनएन। प्रदूषण की समस्या से जूझ रहे पूरे उत्तर भारत को पहाड़ों पर हुई बर्फबारी ने कुछ राहत दी है। उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में गुरुवार को बर्फबारी हुई। इसका असर मैदानी इलाकों में दिखाई दिया और पंजाब से लेकर दिल्ली-एनसीआर तक पूरे दिन हल्की बारिश होती रही। इससे एक तरफ जहां प्रदूषण से भी राहत मिली है, वहीं ठंड भी बढ़ गई है। 

पश्चिमी विक्षोप के वजह से हिमालयी राज्यों में हुई बर्फबारी का असर दिल्ली एनसीआर में भी दिखाई पड़ा। मौसम वैज्ञानिक डॉ कुलदीप श्रीवास्तव के अनुसार 10 तारीख में हवा की दिशा बदलने के बाद न्यूनतम तापमान दो से तीन गिरावट नीचे गिर सकता है। इसके अलावा बारिश पड़ने से प्रदूषण भी कम होगा।

चारों धामों में हुई बर्फबारी

उत्तराखंड में मौसम ने करवट बदल ली है। पिथौरागढ़ के मुनस्यारी और चमोली के औली में सीजन की पहली बर्फबारी हुई तो बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में बर्फ की हल्की फुहारें पड़ीं। इसके अलावा निचले स्थानों पर बारिश होने से ठंड बढ़ गई है। देहरादून स्थित राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक अगले 24 घंटों में भी मौसम के मिजाज में कोई बदलाव नहीं होगा। साढ़े तीन हजार मीटर की ऊंचाई तक बर्फबारी की संभावना है।

केदारनाथ में सुबह दस बजे से दोपहर तक बर्फ की फुहारें पड़ती रहीं। इससे पुनर्निर्माण कार्य भी ठप रहे। चार धामों के अलावा हेमकुंड साहिब, उत्तरकाशी जिले के दयारा बुग्याल, डोडीताल और हरकीदून में अच्छी बर्फ गिरी है।

औली में 31 साल बाद हुआ नवंबर में हिमपात

उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध स्कीइंग स्थल औली में 31 साल बाद नवंबर में हिमपात हुआ है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार औली में नवंबर में 31 साल पहले 28 नवंबर 1988 को बर्फबारी रिकार्ड की गई थी। आमतौर पर वहां दिसंबर में हिमपात होता है।

हिमाचल में बर्फबारी से 13 डिग्री तक गिरा तापमान

हिमाचल प्रदेश में चोटियों पर बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश से शीतलहर तेज हो गई है। इसके चलते अधिकतम तापमान में 10 से 13 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। शिमला में गुरुवार देर शाम हल्की ओलावृष्टि जबकि नारकंडा में इस सीजन की पहली बर्फबारी हुई। रोहतांग दर्रे में बर्फबारी होने से लाहुल स्पीति का कुल्लू से संपर्क टूट गया है। बीआरओ अधिकारियों का कहना है कि लाहुल में फंसे वाहनों को जल्द मनाली पहुंचा दिया जाएगा।

बर्फबारी से जम गया कश्मीर

श्रीनगर समेत कश्मीर के सभी निचले इलाकों में गुरुवार को मौसम का पहला हिमपात हुआ। जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर जगह-जगह बर्फ जमा हो जान से यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। श्रीनगर एयरपोर्ट पर रनवे पर भी बर्फ की मोटी परत बिछ जाने से सभी विमान सेवाओं को रद कर दिया गया। इससे कश्मीर का सड़क व हवाई संपर्क देश-दुनिया से पूर तरह कट गया है।

श्रीनगर में शून्य से नीचे पहुंचा न्यूनतम तापमान

घाटी में ठंड का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग 16 डिग्री नीचे चला गया। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे -0.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

पंजाब में भी बारिश से राहत

पंजाब के खेतों में पराली से प्रदेश में प्रदूषण से परेशान लोगों को राहत मिली है। बुधवार रात और गुरुवार दिन में सूबे के अलग-अलग हिस्सों में हुई बारिश से प्रदूषण के स्तर में बड़ा अंतर आया है। पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सदस्य सचिव करूणेष गर्ग का कहना है कि बारिश और तेज हवा से प्रदूषण का स्तर गिरा है।

chat bot
आपका साथी