छत्तीसगढ़ में नक्सलियों ने IED ब्लास्ट से उड़ाया जवानों का वाहन, छह जवान शहीद

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में नक्सलियों ने पुलिस के वाहन को बनाया निशाना। आइइडी ब्लास्ट से उड़ाई गाड़ी। हमले में छह जवान शहीद।

By Nancy BajpaiEdited By: Publish:Sun, 20 May 2018 01:09 PM (IST) Updated:Sun, 20 May 2018 02:39 PM (IST)
छत्तीसगढ़ में नक्सलियों ने IED ब्लास्ट से उड़ाया जवानों का वाहन, छह जवान शहीद
छत्तीसगढ़ में नक्सलियों ने IED ब्लास्ट से उड़ाया जवानों का वाहन, छह जवान शहीद

दंतेवाड़ा (एएनआइ)। एक बार फिर नक्सलियों ने दंतेवाड़ा में बड़ी घटना को अंजाम दिया है। नक्सलियों ने जवानों के वाहन को आइइडी ब्लास्ट से उड़ा दिया। इस हमले में छह जवान शहीद हो गए, जबकि एक जवान घायल हो गया है। 

छह जवान शहीद, 2 गंभीर

जानकारी के मुताबिक दंतेवाड़ा के चोल्नर गांव में पुलिस वाहन में आइइडी ब्लास्ट हुआ, जिसमें छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के 3 जवान और डिस्ट्रिक्ट फोर्स के 2 जवान शहीद हो गए। वहीं, घायल जवानों को अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है, जहां एक जवान की मौत हो गई। ब्लास्ट इतना तेज था कि वाहन के परखच्चे तक उड़ गए। 

डीआइजी सुंदर राज पी ने बताया, 'आइइडी ब्लास्ट में छह जवान शहीद हो गए हैं, जबकि एक जवान घायल है। सुरक्षाबलों द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। विस्फोट उच्च तीव्रता का हो सकता है लेकिन जांच के बाद ही पूरी जानकारी सामने आएगी।'

कब और कहां हुआ हमला 

किरंदुल के मद्दाड़ी इलाके में नक्सलियों ने सुरक्षाबलों की गाड़ी को निशाना बनाकर 50 किलो का आइइडी धमाका किया। धमाके में 5 जवान मौके पर ही शहीद हो गए, जबकि एक जवान ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, एक घायल जवान का इलाज किया जा रहा है। सभी जवान जिला पुलिस बल के हैं, जो एक निजी कार में जा रहे थे। धमाके में गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग भी की और फिर हथियार लूटकर जंगल में भाग गए। पुलिस अधिकारियों ने 6 जवानों के शहीद होने की पुष्टि की है।

बताया जा रहा है कि जवान सड़क निर्माण के काम को सुरक्षा देने के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान नक्सलियों ने उन्हें निशाना बनाया। घायल जवानों को किरंदुल के अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया जा सकता है। किरंदुल से सड़क निर्माण वाली जगह तक जाने के लिए एक ही रास्ता है, इसी पर नजर रखकर उन्हें अपने निशाना बनाया। इस मामले में सुरक्षाबलों की एक बड़ी चूक सामने आ रही है, क्योंकि उन्हें अलग-अलग या बाइक द्वारा इलाके में निकलने के निर्देश है, ऐसे में वे वाहन का इस्तेमाल कर एक साथ जा रहे थे।

जवान जगरगुंडा से वापस लौट रहे थे। माना जा रहा है कि उन्होंने आम वाहन का इस्तेमाल इसलिए किया क्योंकि नक्सलियों के सामने उनकी पहचान उजागर न हो। लेकिन नक्सलियों को ये बात पता थी कि जवान एक एसयूवी कार में क्षेत्र में सर्चिंग के लिए निकलते हैं। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। वही, नक्सलियों की खोजबीन और धरपकड़ और तेज कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक वाहन में जिला बल के जवान थे।

chat bot
आपका साथी