देश में कोरोना मरीजों के स्वस्थ होने की बढ़ी रफ्तार, पंजाब और हरियाणा सबसे आगे

पंजाब में में सबसे ज्यादा 89 फीसद रिकवरी रेट है जबकि हरियाणा में 66 फीसद और दिल्ली में 48.74 फीसद मरीज अबतक ठीक हो चुके हैं।

By Manish PandeyEdited By: Publish:Mon, 25 May 2020 07:49 AM (IST) Updated:Mon, 25 May 2020 07:49 AM (IST)
देश में कोरोना मरीजों के स्वस्थ होने की बढ़ी रफ्तार, पंजाब और हरियाणा सबसे आगे
देश में कोरोना मरीजों के स्वस्थ होने की बढ़ी रफ्तार, पंजाब और हरियाणा सबसे आगे

नई दिल्ली, जेएनएन। कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या के बीच विभिन्न राज्यों से अच्छी खबरें आ रही हैं। सर्वाधिक प्रभावित राज्यों में शुमार पंजाब, मध्यप्रदेश और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मरीजों के स्वस्थ होने की रफ्तार बढ़ी है। पंजाब में यह 89 फीसद से ऊपर है तो दिल्ली में 48.74 फीसद तक पहुंच गया है।

राजधानी दिल्ली में कोरोना संक्रमण के मरीजों के ठीक होने का आंकड़ा सुधरने लगा है। रविवार को भी 273 मरीज ठीक हुए हैं। अब तक मिले कोरोना मरीजों में से 6540 मरीज ठीक हो चुके हैं, जो कुल मरीजों का 48.74 फीसद है। वहीं सक्रिय मरीजों की संख्या 6617 बची है। हालांकि मृतकों की संख्या बढ़कर 261 हो गई है।

पंजाब में एक और जिला कोरोना मुक्त

पंजाब में रविवार को 21 नए केस मिलने के बावजूद 28 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। राज्य में कुल 2145 मरीजों में से 1898 यानी 89 फीसद ठीक हो चुके हैं। फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, फिरोजपुर और फाजिल्का के बाद मानसा जिला भी कोराना मुक्त हो गया। जिले के सभी 33 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।

हरियाणा में रिकवरी रेट 66 फीसद

हरियाणा में रिकवरी रेट 66 फीसद हो गया है। रविवार को 33 नए मामलों के साथ संक्रमितों का आंकड़ा 1184 पर पहुंच गया, जबकि 15 मरीज ठीक होकर घर लौटे। अब केवल 403 एक्टिव मरीज बचे हैं। प्रदेश में प्रत्येक दस लाख लोगों पर 3827 की जांच की जा रही। कुल 97 हजार 6 लोगों के सैंपल लिए गए जिनमें से 91 हजार 138 की रिपोर्ट नेगेटिव आई और चार हजार 684 की रिपोर्ट का इंतजार है।

मध्यप्रदेश में 51 फीसद हुए स्वस्थ

मध्यप्रदेश में भी कोरोना को हराकर स्वस्थ होने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सरकार के हेल्थ बुलेटिन के अनुसार 24 मई तक प्रदेश में 6723 कोरोना मरीज मिले थे। इनमें 51 फीसद स्वस्थ हो चुके हैं। अभी 3315 मरीज प्रदेश के सरकारी और निजी अस्पतालों में इलाज करवा रहे हैं। एक्टिव मरीजों के मुकाबले स्वस्थ होने वालों का प्रतिशत भी लगातार बढ़ रहा है। एक मई को कुल पॉजिटिव में सक्रिय मरीजों का आंकड़ा 75 फीसद था जो लगातार कम होते हुए 49 प्रतिशत हो गया है।

उप्र में 56.6 फीसद मरीज हुए स्वस्थ

उप्र में अब तक 56.6 फीसद रोगी ठीक हो गए हैं। रविवार को विभिन्न लैब में कुल 4474 नमूने जांचे गए, इसमें से 4220 नमूनों की रिपोर्ट नेगेटिव आई। 254 लोग पॉजिटिव पाए गए। ऐसे में अब तक कुल 6268 मरीज कोरोना संक्रमित पाए जा चुके हैं। छह और लोगों की मौत होने के साथ अभी तक कुल 161 रोगी इस खतरनाक वायरस से संक्रमित होकर अपनी जान गवां चुके हैं। फिलहाल ठीक होने वाले मरीजों का सिलसिला भी जारी है और बीते 24 घंटे में 132 मरीज और स्वस्थ होने के साथ ही अभी तक कुल 3538 मरीज ठीक हो चुके हैं।

chat bot
आपका साथी