राजनाथ सिंह बोले बड़ी बात, कश्मीर के हल का खाका तैयार

हालांकि केंद्रीय मंत्री ने यह बताने से इन्कार कर दिया कि भाजपा सरकार जम्मू-कश्मीर के लिए क्या स्थायी समाधान लाई है।

By Sachin BajpaiEdited By: Publish:Sun, 28 May 2017 09:55 PM (IST) Updated:Sun, 28 May 2017 09:58 PM (IST)
राजनाथ सिंह बोले बड़ी बात, कश्मीर के हल का खाका तैयार
राजनाथ सिंह बोले बड़ी बात, कश्मीर के हल का खाका तैयार

नई दिल्ली, आइएएनएस : केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह का कहना है कि कश्मीर समस्या के स्थायी निदान का रोडमैप तैयार है। लेकिन इसके लिए देश की अखंडता और संप्रभुता से कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने कश्मीर पर बातचीत के लिए अलगाववादियों को आमंत्रित किए जाने की संभावना से भी इन्कार कर दिया।

राजनाथ सिंह ने रविवार को राजग सरकार की तीन साल की उपलब्धियों पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों के एक समूह से कहा कि जो कोई भी विकास और शांति पर बात करना चाहता है, उसका स्वागत है। कश्मीर का मुद्दा हल करने के लिए हम स्थायी समाधान के साथ आए हैं। इसके लिए प्रयास शुरू हो चुके हैं। हम आगे बढ़ रहे हैं। हालांकि केंद्रीय मंत्री ने यह बताने से इन्कार कर दिया कि भाजपा सरकार जम्मू-कश्मीर के लिए क्या स्थायी समाधान लाई है।

यह भी पढ़ें:  कश्मीर बंद पर करारा तमाचा, सेना भर्ती परीक्षा में उमड़ी यवाओं की भीड़

यह पूछे जाने पर कि क्या समाधान राजनीतिक प्रकृति का है? राजनाथ सिंह ने जवाब दिया कि इस बारे में सबके सामने चर्चा करना जल्दबाजी होगी। मैं इस मुद्दे पर मीडिया से बात नहीं करना चाहता। हम देश को भरोसा दिलाना चाहते हैं कि हम कश्मीर मसले का स्थायी समाधान लाए हैं। सिंह ने जोर देकर कहा कि केंद्र सरकार ने कश्मीर, कश्मीरी और कश्मीरियत को ध्यान में रखते हुए कश्मीर मुद्दे का 'स्थायी समाधान' निकाला है।

जब पूछा गया कि क्या हुर्रियत के नेताओं से भी बातचीत की संभावना है, राजनाथ सिंह ने कहा कि सरकार स मुद्दे पर सभी पक्षों से वार्ता के लिए तैयार है। लेकिन इसके लिए किसी व्यक्ति या संगठन को कोई न्योता नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बातचीत करने से कभी इन्कार नहीं किया है। पिछले साल भी वह कश्मीर में तीन दिन रहे थे और सभी पक्षों से बात की थी। जो लोग बात करना चाहते थे वह आगे आए।

केंद्रीय गृह मंत्री ने बताया कि इसमें कोई दोराय नहीं है कि कश्मीर मुद्दा सरकार के लिए एक चुनौती रहा है। लेकिन उन्होंने विपक्ष के आरोप को यह कहते हुए खारिज किया कि यह समस्या भाजपा-पीडीपी गठबंधन के कारण है। उन्होंने कहा, कश्मीर जलता रहा है और यह समस्या दशकों पुरानी है।

यह भी पढ़ें:  मैं अपने जवानों को चुपचाप मरने के लिए नहीं छोड़ सकता: सेना प्रमुख

राजनाथ सिंह ने कहा कि हम कश्मीर में बार-बार तनाव और हिंसा नहीं होने दे सकते। हम कश्मीर को जलने नहीं दे सकते। लेकिन इसके लिए कोई समय-सीमा भी निर्धारित नहीं की जा सकती है। ऐसे मुद्दों का कोई त्वरित समाधान नहीं होता।

राजनाथ सिंह ने बार-बार पूछे जाने पर भी केंद्र सरकार के स्थायी समाधान के विषय में रणनीति पर कोई भी जानकारी देने से इन्कार कर दिया। लेकिन उन्होंने कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए वह हुर्रियत कांफ्रेंस समेत सभी पक्षकारों से बातचीत के लिए तैयार हैं। जो भी बात करना चाहता है, हम उससे बात करने के लिए राजी हैं। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में उपद्रवियों और पाकिस्तान की गतिविधि भी इसीलिए बढ़ी है क्योंकि वह सख्ती से बौखलाए हुए हैं। ध्यान रहे कि एक दिन पहले ही सुरक्षा बलों ने आठ आतंकियों को मार गिराया था।

chat bot
आपका साथी