डोकलाम हल के बाद पहली बार सीमा पर होंगे राजनाथ सिंह

राजनाथ भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आइटीबीपी) के जवानों के साथ संवाद और सीमा पर विकास गतिविधियों की समीक्षा करेंगे।

By Manish NegiEdited By: Publish:Wed, 20 Sep 2017 10:04 PM (IST) Updated:Wed, 20 Sep 2017 10:04 PM (IST)
डोकलाम हल के बाद पहली बार सीमा पर होंगे राजनाथ सिंह
डोकलाम हल के बाद पहली बार सीमा पर होंगे राजनाथ सिंह

नई दिल्ली, प्रेट्र। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह अगले हफ्ते उत्तराखंड में भारत-चीन सीमा का दौरा कर सकते हैं। डोकलाम विवाद सुलझने के बाद नरेंद्र मोदी सरकार के किसी वरिष्ठ मंत्री का चीन सीमा का यह पहला दौरा होगा। इस दौरान राजनाथ भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आइटीबीपी) के जवानों के साथ संवाद और सीमा पर विकास गतिविधियों की समीक्षा करेंगे। आइटीबीपी के जवान ही 3,488 किलोमीटर लंबी भारत-चीन सीमा की रखवाली करते हैं।

मालूम हो, भारत द्वारा चीनी सेना की ओर से किए जा रहे सड़क निर्माण को रोकने के बाद सिक्किम सेक्टर के डोकलाम में करीब दो महीने तक दोनों देशों की सेनाएं आमने-सामने की स्थिति में थीं।

गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया, 'गृह मंत्री संभवत: सीमा पर स्थिति की समीक्षा करने जा रहे हैं। वहां एक 'सैनिक सम्मेलन' को संबोधित करेंगे। विभिन्न बुनियादी ढांचे की परियोजनाओं की प्रगति का आकलन करेंगे।' मंत्रालय के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि राजनाथ उत्तराखंड के चमोली जिले के बरोठी स्थित आइटीबीपी की चौकी का भी दौरा कर सकते हैं।

भारत-चीन सीमा जम्मू-कश्मीर में 1,597, हिमाचल प्रदेश में 200, उत्तराखंड में 345, सिक्किम में 220 और अरुणाचल प्रदेश में 1,126 किलोमीटर तक फैली है। भारत-चीन सीमा पूर्णतया सीमांकित नहीं है। वास्तविक नियंत्रण रेखा को स्पष्ट और पुष्टि करने की प्रक्रिया जारी है। यह इलाका अत्यधिक ऊंचाई और मोटे-मोटे पठारों वाला है। इस कारण यहां अब तक बुनियादी ढांचे का पर्याप्त विकास नहीं हो सका है।

यह भी पढ़ें: बगैर पुष्‍टि के व्‍हाट्सएप मैसेज पर न विश्‍वास करें, न किसी को भेजें: गृहमंत्री

chat bot
आपका साथी