पहाड़ों पर बारिश व भूस्खलन ने बढ़ाई परेशानी, पिथौरागढ़ में चीन सीमा पर फटा बादल

कुमाऊं में काली नदी खतरे के निशान के करीब है तो सरयू, गोरी के साथ ही अलकनंदा, भागीरथी, पिंडर और नंदाकिनी उफान पर हैं। अगले 24 घंटे के लिए भारी बारिश की संभावना है।

By Arun Kumar SinghEdited By: Publish:Sun, 22 Jul 2018 07:39 PM (IST) Updated:Sun, 22 Jul 2018 07:39 PM (IST)
पहाड़ों पर बारिश व भूस्खलन ने बढ़ाई परेशानी, पिथौरागढ़ में चीन सीमा पर फटा बादल
पहाड़ों पर बारिश व भूस्खलन ने बढ़ाई परेशानी, पिथौरागढ़ में चीन सीमा पर फटा बादल

नई दिल्ली, जेएनएन। पहाड़ों पर भूस्खलन के साथ नदियों का बढ़ता जलस्तर बेचैनी बढ़ा रहा है। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में चीन सीमा से लगे भारत के अंतिम गांव कुटी के निकट बादल फट गया है। इससे बरसाती नदी कुटी उफान पर है। इसमें गांव को जोड़ने वाला पुल बह गया है।

मलबे व विशाल बोल्डरों के की वजह से नदी का प्रवाह प्रभावित हो रहा है। इससे कुटी नदी व एक अन्य बरसाती नदी के संगम स्थल पर झील बनने की आशंका है। मलबा आने से उत्तराखंड में 75 सड़कों पर आवागमन ठप है। कुमाऊं में काली नदी खतरे के निशान के करीब है तो सरयू, गोरी के साथ ही अलकनंदा, भागीरथी, पिंडर और नंदाकिनी उफान पर हैं। वहीं हिमाचल में भारी बारिश से जनजीवन थम गया है। सोलन में सड़कों पर मलबा गिर रहा है।

 

उत्तराखंड के चमोली जिले के जोशीमठ ब्लॉक के दूरस्थ गांवों में बारिश के चलते सड़कें व पैदल मार्ग बाधित होने से लोगों की मुश्किलें खासी बढ़ गई हैं। सबसे बड़ी चुनौती गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने की है। इसकी बानगी रविवार को तब देखने को मिली, जब उर्गम घाटी के देवग्राम की एक गर्भवती ने पैदल ही अस्पताल जाते हुए रास्ते में ही बच्चे को जन्म दे दिया।

गढ़वाल में चार धाम यात्रा मार्गो पर मलबा आने से आवाजाही बाधित हो रही है। केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुचारू है, लेकिन यमुनोत्री हाईवे पर प्रमुख पड़ाव बड़कोट के निकट डाबरकोट में रुक-रुक कर मलबा गिर रहा है। खराब मौसम का असर कैलास मानसरोवर यात्रा पर भी पड़ रहा है।

हाल अन्य राज्यों का 

हरियाणा में रविवार को कई शहरों में बारिश हुई। पंजाब में कुछ जिलों में मूसलधार बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। दो दिन की लगातार बारिश ने दिल्ली का मौसम बदल दिया है। अगले कई दिनों तक ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में रविवार की बारिश से उमस भरी गर्मी लोगों को बारिश के बाद राहत मिली है। वहीं बंगाल के कोलकाता व आसपास के जिलों में पिछले दो दिनों से बारिश हो रही है। राजस्थान के सीकर, जयपुर, टोंक व बूंदी जिलों में भी मध्यम बारिश हुई। तेज बारिश से टोडाभीम में जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया।

chat bot
आपका साथी