बुर्किना फासो में खुद को कारोबारी की तरह पेश करता था रवि पुजारी, होटलों और शोरूमों में किया था निवेश

पुलिस की मानें तो गैंगस्टर रवि पुजारी करीब 12 साल बुर्किना फासो में रहा और वहां वह खुद को एक कारोबारी की तरह पेश करता था। जानें पुलिस के और सनसनीखेज खुलासे...

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Wed, 26 Feb 2020 06:21 PM (IST) Updated:Wed, 26 Feb 2020 06:37 PM (IST)
बुर्किना फासो में खुद को कारोबारी की तरह पेश करता था रवि पुजारी, होटलों और शोरूमों में किया था निवेश
बुर्किना फासो में खुद को कारोबारी की तरह पेश करता था रवि पुजारी, होटलों और शोरूमों में किया था निवेश

मुंबई, मिडडे। गैंगस्टर रवि पुजारी करीब 12 साल बुर्किना फासो में रहा और वहां वह खुद को एक कारोबारी की तरह पेश करता था। वहां उसने कपड़ों की एक फैक्ट्री खरीदी थी। इसके अलावा उसने चार-पांच होटलों और इलेक्ट्रॉनिक सामान के दो-तीन शोरूम में निवेश भी किया था। वह साझीदार के तौर पर निवेश करता था। 2016 में जब वह बुर्किना फासो से सेनेगल पहुंचा तो उसने वहां 'महाराजा रेस्टोरेंट' के नाम से भारतीय व्यंजनों का रेस्टोरेंट भी शुरू किया था।

रवि पुजारी ने मुंबई में बॉलीवुड, बिल्डरों और कारोबारियों से करोड़ों रुपये की उगाही की थी, लेकिन मुंबई में उसकी कोई संपत्ति नहीं है क्योंकि वह वापस नहीं आना चाहता था। मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, 'रवि पुजारी जानता है कि भारत में उसके खिलाफ कई मामले हैं और अगर वह वापस आया तो कानून के चंगुल में फंस जाएगा। इसीलिए उसने भारत में कोई प्रत्यक्ष संपत्ति नहीं बनाई।'

बेंगलुरु पुलिस के अनुसार, यह कहना कठिन है कि रवि पुजारी ने कितनी धनराशि की उगाही की थी, लेकिन इतना निश्चित है कि उसने यह धनराशि कारोबार में लगाई थी। सेनेगल और बुर्किना फासो में उसने खुद को कारोबारी की तरह पेश किया और कई कार्यक्रमों का आयोजन किया। जब वह बुर्किना फासो में था तभी उसे सूचना मिल गई थी कि भारतीय एजेंसियां उसके पीछे हैं। इसी कारण वह सेनेगल शिफ्ट हो गया और वहां रेस्टोरेंट शुरू किया। लेकिन कर्नाटक पुलिस ने उस पर नजर बनाए रखी और इसी कारण उसे सेनेगल से गिरफ्तार किया जा सका।

उल्‍लेखनीय है कि अफ्रीकी देश सेनेगल से प्रत्यर्पित कर लाए गए गैंगस्टर रवि पुजारी के खिलाफ कर्नाटक के मेंगलुरु में ही 34 मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, उगाही और कॉल करके धमकी देने के मामले शामिल हैं। समाचार एजेंसी पीटीआइ की रिपोर्ट के मुताबिक, इनमें सबसे ज्यादा 28 मामले कॉल करके धमकी देने के हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, मेंगलुरु में पुजारी के खिलाफ सभी मामले 2017 और 2018 में दर्ज किए गए थे।

chat bot
आपका साथी