देश में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच 1.20 करोड़ नमूनों की हुई जांच, दक्षिण भारत में थम नहीं रहा प्रकोप

कोरोना का कहर दक्षिण भारत के राज्यों में कम नहीं हो रहा है। तमिलनाडु में सबसे बुरा हाल है। राज्य में 4526 नए मामले सामने आए हैं।

By Bhupendra SinghEdited By: Publish:Tue, 14 Jul 2020 10:34 PM (IST) Updated:Tue, 14 Jul 2020 10:34 PM (IST)
देश में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच 1.20 करोड़ नमूनों की हुई जांच, दक्षिण भारत में थम नहीं रहा प्रकोप
देश में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच 1.20 करोड़ नमूनों की हुई जांच, दक्षिण भारत में थम नहीं रहा प्रकोप

जेएनएन, नई दिल्ली। कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच जांच का दायरा भी तेजी से बढ़ रहा है। कोरोना वायरस संक्रमण का पता लगाने के लिए अब तक एक करोड़ 20 लाख से ज्यादा नमूनों की जांच की जा चुकी है। अकेले सोमवार को ही दो लाख 86 हजार सैंपल टेस्ट किए गए। इनमें से अब तक नौ लाख से ज्यादा संक्रमित मामले मिले हैं और 23 हजार से ज्यादा लोगों की जान भी जा चुकी है। पौने छह लाख मरीज अब तक पूरी तरह से ठीक भी हो चुके हैं।

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) के मुताबिक सोमवार 13 जुलाई तक कुल एक करोड़ 20 लाख 92 हजार 503 नमूनों की जांच की गई है। सोमवार को एक दिन में ही 2,86,247 सैंपल के टेस्ट किए गए।

मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 63.02 फीसद हुई

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से मंगलवार सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले चौबीस घंटे के दौरान कुल 28,498 नए मामले सामने आए हैं और संक्रमितों का आंकड़ा 9,06,752 पर पहुंच गया है। इस दौरान 553 लोगों की जान भी गई है और इस महामारी से मरने वालों की संख्या 23,727 हो गई है। अब तक 5,71,459 मरीज पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं और सक्रिय मामले सिर्फ 3,11,565 ही रह गए हैं। इस तरह मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 63.02 फीसद हो गई है।

संक्रमितों की संख्या बढ़कर 9,20,360 पहुंची, अब तक 24,052 लोगों की मौत

राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों से पीटीआइ व अन्य स्त्रोतों से रात आठ बजे तक मिले आंकड़ों के मुताबिक सोमवार देर रात से अब तक 19,189 नए मामले मिले हैं और कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 9,20,360 हो गई है। 5,71,477 मरीज अब तक स्वस्थ हो चुके हैं और सक्रिय मामले 3,22,831 रह गए हैं। अब तक 24,052 लोगों की जान भी इस महामारी के चलते जा चुकी है। मंगलवार को 382 लोगों की मौत हुई, जिसमें सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 213, तमिलनाडु में 67, आंध्र प्रदेश में 43, उत्तर प्रदेश में 28, बंगाल में 24, गुजरात में 14, हरियाणा में चार और राजस्थान में तीन मौतें शामिल हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय और अन्य श्रोतों से मिले आंकड़ों में अतर राज्यों से केंद्र को मिलने वाली सूचनाओं में देरी है। इसके अलावा कई एजेंसियां सीधे राज्यों से आंकड़े लेकर जारी करती हैं।

महाराष्ट्र में 6,741 नए केस

महाराष्ट्र में एक दिन पहले के मुकाबले मंगलवार को कुछ ज्यादा 6,741 नए मामले सामने आए और संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 2,67,665 हो गया। इस दौरान 4,500 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी भी मिली है और ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 1,49,007 हो गई है। अब तक 10,695 लोगों की मौत भी हो चुकी है। राज्य में मरीजों के स्वस्थ होने की दर 55.67 फीसद और मृत्युदर चार फीसद है। धारावी में लगातार स्थिति बेहतर हो रही है। मंगलवार को यहां सिर्फ 11 नए केस मिले। एशिया की इस सबसे बड़ी झोपड़पट्टी में सिर्फ 86 सक्रिय मामले रह गए हैं। गुजरात में रिकॉर्ड 915 नए मामले सामने आए हैं और 749 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी मिली है। राज्य में अब तक 43,723 संक्रमित मिल चुके हैं और 30,555 मरीज पूरी तरह से ठीक होकर घर लौट चुके हैं। राज्य में अब तक 2,071 लोगों की मौैत भी हुई है।

दक्षिण भारत में थम नहीं रहा प्रकोप

कोरोना का कहर दक्षिण भारत के राज्यों में कम नहीं हो रहा है। तमिलनाडु में सबसे बुरा हाल है। राज्य में 4,526 नए मामले सामने आए हैं। लेकिन 4,743 मरीजों को इस दौरान अस्पताल से छुट्टी भी मिली है। राज्य में संक्रमितों की संख्या 147324 हो गई है। अब तक 2,099 लोगों की जान भी जा चुकी है। आंध्र प्रदेश में भी रिकॉर्ड 1,916 नए केस मिले हैं और 33,019 मामले हो गए हैं। राज्य में अब तक 408 लोगों की इस महामारी से मौत भी हो चुकी है। केरल में भी तेजी से मामले बढ़ रहे हैं। मंगलवार को राज्य में 608 नए केस मिले। एक दिन में राज्य में नए मामलों की यह सबसे बड़ी संख्या है। अब तक 8,930 संक्रमित मामले सामने आ चुके हैं। लेकिन सक्रिय मामले सिर्फ 4,454 ही हैं। 63 नए मामलों के साथ पुडुचेरी में कुल मामले 1,531 हो गए हैं।

उत्तर प्रदेश में 1,594 नए केस

आबादी के लिहाज से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में भी तेजी से नए मामले सामने आ रहे हैं। हालांकि, आबादी की तुलना में अभी भी हालात नियंत्रण में नजर आ रहे हैं। राज्य में 1,594 नए केस मिले हैं और संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 39,724 हो गया है। इसी तरह 1,390 नए मामलों के साथ बंगाल में कुल मामले 32,838 हो गए हैं। 699 नए केस के साथ हरियाणा में अब तक 22,628, राजस्थान में 98 नए केस के साथ 25,034, बिहार में 1,432 नए मामलों के साथ कुल मामले 18,853, नगालैंड में 51 नए केस के साथ 896, त्रिपुरा में 26 मामलों के साथ 2,094 और 45 नए संक्रमित के साथ सिक्किम में अब तक 198 मरीज सामने आ चुके हैं।

chat bot
आपका साथी