20 साल बाद मुंबई के वर्सोवा बीच पर लौटे 'ऑलिव रिडले' कछुए

पर्यावरणविद शाह ने 2015 में 'बीच क्लीन-अप ड्राइव' की शुरुआत की। इन दुर्लभ कछुओं को देखने के साथ ही उन्होंने वन अधिकारियों को इसकी जानकारी दी।

By Monika MinalEdited By: Publish:Sat, 24 Mar 2018 09:57 AM (IST) Updated:Sat, 24 Mar 2018 10:08 AM (IST)
20 साल बाद मुंबई के वर्सोवा बीच पर लौटे 'ऑलिव रिडले' कछुए
20 साल बाद मुंबई के वर्सोवा बीच पर लौटे 'ऑलिव रिडले' कछुए

मुंबई (मिड डे)। मुंबई के वर्सोवा बीच पर शुक्रवार को करीब 20 साल बाद दुर्लभ प्रजाति के ऑलिव रिडले कछुए लौट आए हैं। बीच पर ऑलिव रिडले के करीब 80 बच्चों को देखा गया। पर्यावरणविदों ने खुशी जाहिर की और समाजसेवी अफरोज शाह और उनकी युवाओं की टीम को इसका श्रेय दिया। शाह ने इसे मुंबई के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया।

मालूम हो, पर्यावरणविद शाह ने ही 2015 में 'बीच क्लीन-अप ड्राइव' की शुरुआत कर समुद्र तटों की सफाई की जिम्मेदारी संभाली थी। इन दुर्लभ कछुओं को देखने के साथ उन्होंने वन अधिकारियों को भी इसकी जानकारी दी और ट्विटर पर भी तस्वीरें साझा कीं।

अंडे देने के लिए सुरक्षित स्थान ढूंढते हैं

अतिरिक्त प्रमुख मुख्य वन संरक्षक एन वासुदेवन के मुताबिक, 'बीते कई वर्षों में वर्सोवा बीच पर कछुए के किसी भी घोंसले को नहीं देखा गया। वह ऐसी जगह अंडे रखते हैं, जहां वह सुरक्षित महसूस करते हैं। संभव है कि कछुए उस स्थान पर अपने घोंसले में आए, जहां वह पैदा हुए थे।' रत्नागिरि, रायग़़ढ़ और पालघर तट पर भी ऑलिव रिडले के कुछ घोंसले देखे गए।

गर्म पानी में रहते हैं

ऑलिव रिडले मुख्य रूप से प्रशांत और हिंद महासागर में गर्म पानी में पाए जाने वाले समुद्री कछुए की मध्यम आकार की एक प्रजाति है। बीते वर्ष जुलाई में मुंबई के जुहू बीच से एक वयस्क ऑलिव रिडले को बचाया गया था। बिग बी ने भी सफाई की सराहना की थी अभिनेता अमिताभ बच्चन भी बीते वर्ष वर्सोवा बीच की सफाई के लिए आगे आए थे। उन्होंने अफरोज शाह को बीच की सफाई की जिम्मेदारी उठाने पर उनकी सराहना की थी और सफाई के लिए एक ट्रैक्टर व एक्सकेवेटर भी भेंट किया था।

chat bot
आपका साथी