COVID 19 India Updates: निरंतर बढ़ रही कोरोना से उबरने की दर, स्वस्थ मरीजों के मामले में भारत शीर्ष पर

ये आंकड़े देश में कोरोना का कहर कम होने के संकेत दे रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक लगातार तीन दिनों से सक्रिय मामले भी नौ लाख से कम बने हुए हैं। हालांकि कुल मरीजों की संख्या 70 लाख को पार कर गई है।

By Dhyanendra SinghEdited By: Publish:Sun, 11 Oct 2020 08:54 PM (IST) Updated:Mon, 12 Oct 2020 12:40 AM (IST)
COVID 19 India Updates: निरंतर बढ़ रही कोरोना से उबरने की दर, स्वस्थ मरीजों के मामले में भारत शीर्ष पर
स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि कुल संक्रमितों में 61 फीसद सिर्फ पांच राज्यों में हैं।

नई दिल्ली, जेएनएन। भारत में स्वस्थ हुए कोरोना संक्रमितों की संख्या 60 लाख से अधिक हो गई है, जबकि लगातार आठ दिनों से हजार से कम मरीजों की मौत हो रही है। ये आंकड़े देश में कोरोना का कहर कम होने के संकेत दे रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक लगातार तीन दिनों से सक्रिय मामले भी नौ लाख से कम बने हुए हैं। हालांकि, कुल मरीजों की संख्या 70 लाख को पार कर गई है। 60 से 70 लाख तक संक्रमितों की संख्या पहुंचने में 13 दिन लगे हैं। लेकिन स्वस्थ हो चुके मरीजों के मामले में भारत दुनिया में शीर्ष पर बना हुआ है, यानी हमारे यहां सबसे ज्यादा मरीज अब तक महामारी को मात देकर उबर चुके हैं।

मंत्रालय का कहना है कि कुल संक्रमितों में 61 फीसद सिर्फ पांच राज्यों में हैं। ये राज्य हैं महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु। इन्हीं पांच राज्यों में अब तक ठीक हो चुके 54.3 फीसद मरीज भी हैं। रविवार सुबह आठ बजे मंत्रालय की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटों के दौरान 89,154 मरीज ठीक हुए हैं और स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या 60.77 लाख हो गई है। इसके साथ ही मरीजों के उबरने की दर बढ़कर 86.17 फीसद पर पहुंच गई है। स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार, दिशानिर्देशों का सही तरीके से पालन कराने और स्वास्थ्यकर्मियों के कठिन परिश्रम और समर्पण के चलते यह उपलब्धि हासिल हो सकी है।

मंत्रालय के मुताबिक 74,383 नए मामलों के साथ कुल संक्रमितों की संख्या 70.53 लाख हो गई है। लगातार आठवें दिन हजार से कम 918 लोगों की मौत हुई है। इस महामारी से अब तक 1.08 लाख लोगों की जान जा चुकी है। मृत्युदर में लगातार गिरावट हो रही है और वर्तमान में यह 1.54 फीसद है। सक्रिय मामले 8.67 लाख हैं, जो कुल मामलों का 12.30 फीसद है। सक्रिय मामलों के मामले में महाराष्ट्र (2.36 लाख), कर्नाटक (1.18 लाख) और केरल (91,841) पहले के तीन स्थानों पर बने हुए हैं।

शनिवार को 10.78 लाख टेस्ट

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के मुताबिक शनिवार को देशभर में 10,78,544 नमूनों की जांच की गई। परिषद के मुताबिक 10 अक्टूबर तक कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए कुल 8.68 करोड़ नमूनों की जांच हो चुकी है।

chat bot
आपका साथी