अब गूगल पर खोजिए शॉपिंग के विकल्प, विजुअल सर्च के लांच की घोषणा

गूगल अपने सर्च पेज पर न केवल शॉपिंग का टैब अलग से देगा बल्कि शॉपिंग का अलग पेज गूगल पर मिलेगा।

By Arun Kumar SinghEdited By: Publish:Thu, 13 Dec 2018 09:28 PM (IST) Updated:Thu, 13 Dec 2018 09:28 PM (IST)
अब गूगल पर खोजिए शॉपिंग के विकल्प, विजुअल सर्च के लांच की घोषणा
अब गूगल पर खोजिए शॉपिंग के विकल्प, विजुअल सर्च के लांच की घोषणा

नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। ऑनलाइन शॉपिंग के लिए अब आपको अपना मनपसंद प्रोडक्ट तलाशने, अच्छी डील खोजने या ऑनलाइन सेल का पता लगाने के लिए अलग अलग वेबसाइट पर भटकने की जरूरत नहीं है। गूगल आपको एक क्लिक पर अपने सर्च इंजन पर आपकी जरूरत की सारी जानकारी उपलब्ध कराएगा। गूगल अपने सर्च पेज पर न केवल शॉपिंग का टैब अलग से देगा बल्कि शॉपिंग का अलग पेज गूगल पर मिलेगा।

गूगल इंडिया ने इस सुविधा का ऐलान करते हुए विजुअल सर्च के लांच की भी घोषणा की है। आप किसी भी प्रोडक्ट को स्कैन कर गूगल पर उससे संबंधित उत्पादों को खोज सकते हैं। लोगों के ऑनलाइन शॉपिंग अनुभव को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से गूगल ने इस पेज की शुरुआत की है। विजुअल सर्च के लिए गूगल लेंस के नाम से टैब उपलब्ध होगा।

इसके अतिरिक्त गूगल इंडिया ने अपने शॉपिंग पेज पर उत्पादों से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने को कारोबारियों के लिए एक मर्चेट सेंटर भी बनाया है। यह मर्चेट सेंटर हिंदी भाषा में भी उपलब्ध होगा। यहां कारोबारी मुफ्त पंजीकरण कराकर अपने उत्पादों को गूगल शॉपिंग के पेज पर डिस्प्ले करा सकते हैं।

गूगल के वाइस प्रेसिडेंट प्रोडक्ट मैनेजमेंट सुरोजीत चटर्जी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भारत में तकरीबन 40 करोड़ लोग इंटरनेट का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन इसमें से केवल एक तिहाई लोग ऐसे हैं जो ऑनलाइन शॉपिंग करते हैं। इनमें ऑनलाइन रेल टिकट बुक कराने वाले लोगों की संख्या भी शामिल है। चटर्जी ने कहा कि आदतन ऑनलाइन शॉपिंग करने वालों और स्मार्ट फोन के जरिए पहली बार ऑनलाइन शॉपिंग करने वालों के लिए यह नया अनुभव होगा।

चटर्जी ने कहा कि शॉपिंग करने वालों को केवल अपनी जरूरत के उत्पाद का नाम टाइप करना है। गूगल ऑनलाइन शॉपिंग की विभिन्न वेबसाइटों से वह उत्पाद ग्राहक के सामने उपलब्ध करा देगा। किसी वेबसाइट पर कितनी कीमत है और किस वेबसाइट पर डील चल रही है, इसकी जानकारी भी गूगल देगा।

chat bot
आपका साथी