मुलायम का नया नारा: जय किसान, जय मुसलमान

देश के प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने कभी नारा दिया था जय जवान, जय किसान। इसकी तर्ज पर सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने कहा कि किसानों और मुसलमानों ने देश का सबसे ज्यादा विकास किया है। हालांकि स्पष्ट किया कि हम मुस्लिमों का पक्ष नहीं लेते लेकिन इंसान परस्त हैं। उन्होंने नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा

By Edited By: Publish:Thu, 17 Apr 2014 09:10 PM (IST) Updated:Thu, 17 Apr 2014 09:12 PM (IST)
मुलायम का नया नारा: जय किसान, जय मुसलमान

मैनपुरी, जागरण संवाददाता। देश के प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने कभी नारा दिया था जय जवान, जय किसान। इसकी तर्ज पर सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने कहा कि किसानों और मुसलमानों ने देश का सबसे ज्यादा विकास किया है। हालांकि स्पष्ट किया कि हम मुस्लिमों का पक्ष नहीं लेते लेकिन इंसान परस्त हैं। उन्होंने नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। बोले, मोदी जानते हैं कि यूपी में सपा ही मुकाबले में है। इसलिए वे हर सभा में मेरा ही नाम लेते हैं। भाजपा को बहुमत नहीं मिलेगा और कांग्रेस ने हथियार डाल दिए हैं।

गुरुवार को किशनी और बरनाहल क्षेत्र में जनसभाओं मुलायम सिंह यादव ने अपने 24 मिनट के भाषण में कई बार मुसलमानों के हित की बात कही। उन्होंने कहा कि देश में अस्सी फीसद मुसलमान दस्तकारी कर रहे हैं। चिकन की विदेशों में धूम है। उन्होंने कहा कि पूर्व में लंदन में यह निर्देश दिया गया था कि हिंदुस्तान का बना चिकन का कपड़ा कोई पहनेगा तो उसे सजा मिलेगी। उन्होंने कहा कि दस्तकारी का अच्छा काम करने के बाद भी सब मुस्लिमों से नफरत करते हैं। इसके साथ ही सभी वर्गो को जोड़ने की कोशिश करते हुए मुलायम सिंह ने कहा कि हम कोई मुसलमानों का पक्ष नहीं लेते। हम इंसान परस्त हैं, चाहे किसी जाति व धर्म का हो। जो कमजोर है, गरीब है, उसकी हमारी पार्टी के लोग मदद करते हैं।

उन्होंने बुनकरों का आह्वान करते हुए कि जो सुविधा पिछड़े वर्ग को मिल रही है वह गरीब मुसलमानों को भी मिलेगी। हथकरघा और पावरलूम का बकाया बिजली का बिल माफ कर दिया जाएगा।

किसानों पर मुलायम सिंह ने कहा कि किसानों ने बगैर सुविधाओं के इतनी पैदावार बढ़ाई कि गोदाम उन्हें रखने को कम पड़ गए। किसानों की जमीन नीलाम नहीं होगी, भले ही सरकार उनका कर्जा चुकाएगी। उन्होंने कहा कि अनाज रखने को जगह न होने पर गेहूं सड़ गया। लेकिन गरीबों को खाने को नहीं दिया। ये कांग्रेस की नीति है। इसलिए इस बार कांग्रेस का सफाया हो जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जगह तीसरा मोर्चा लेगा।

मुलायम सिंह बसपा पर भी बरसे। उन्होंने कहा कि बसपा सरकार में यूपी में कोई उद्योग नहीं लगाना चाहता था। तब उद्योग लगाने के पहले ही कहा जाता था कितना पैसा देगा? लेकिन सपा की सरकार बनते ही यहां उद्योग लगाने को लोग जागरूक हुए हैं। उन्होंने कहा कि आज हो रहे मतदान में 11 में से 6 सीटों में सपा आगे है।

chat bot
आपका साथी