मप्र के पर्यटन स्थल हनुवंतिया में डेढ़ सौ फीट ऊंचाई से गिरा पैराग्लाइडर, दो लोगों की मौत

मध्य प्रदेश में खंडवा के निकट हनुवंतिया पर्यटन स्थल पर चल रहे जल महोत्सव में बुधवार को पैराग्लाइडिंग के दौरान हुई दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई। हादसा शाम करीब साढ़े पांच बजे पैराग्लाइडर की मोटर में खराबी आने से हुआ।

By Arun kumar SinghEdited By: Publish:Thu, 21 Jan 2021 05:02 PM (IST) Updated:Thu, 21 Jan 2021 05:02 PM (IST)
मप्र के पर्यटन स्थल हनुवंतिया में डेढ़ सौ फीट ऊंचाई से गिरा पैराग्लाइडर, दो लोगों की मौत
हनुवंतिया पर्यटन स्थल पर चल रहे जल महोत्सव

 खंडवा, राज्‍य ब्‍यूरो। मध्य प्रदेश में खंडवा के निकट हनुवंतिया पर्यटन स्थल पर चल रहे जल महोत्सव में बुधवार को पैराग्लाइडिंग के दौरान हुई दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई। हादसा शाम करीब साढ़े पांच बजे पैराग्लाइडर की मोटर में खराबी आने से हुआ। हादसे के शिकार दोनों लोग इसे संचालित करने वाली कंपनी से ही जुड़े हुए हैं। प्रशासन ने मजिस्टि्रयल जांच के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हादसे पर संवेदना व्यक्त की है। 

मोटर में खराबी आने से हादसे का शक, मजिस्टि्रयल जांच के आदेश 

पुनासा विकासखंड स्थित जल पर्यटन केंद्र हनुवंतिया में सनसेट ड्रेजर्ट इंवेट कंपनी द्वारा जल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान करीब डेढ़ सौ फीट की ऊंचाई से पैराग्लाइडर जमीन पर गिर गया। इसमें सवार पैराग्लाइडर के मालिक का स्वजन गजपाल सिंह, निवासी बूढा मांगलियान जिला पाली (राजस्थान) और पैराग्लाइडर का चालक बालचंद दांगी, निवासी गांव भगौरा (राजगढ़-ब्यावरा) गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें मूंदी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने बताया कि मूंदी पुलिस जांच कर रही है। हादसे के कारणों का पता कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। 

15 फरवरी तक बढ़ाया गया था जल महोत्सव

गौरतलब है कि हनुवंतिया में 15 दिसंबर से जल महोत्सव चल रहा है। पहले यह एक माह के लिए तय था, लेकिन पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए इसे 15 फरवरी तक बढ़ा दिया गया था। जल महोत्सव के दौरान जल, थल और वायु की रोमांचक गतिविधियों का पर्यटक लुत्फ उठाते हैं। पूर्व में भी जल महोत्सव में हादसे हो चुके हैं, लेकिन यहां मौत का यह पहला मामला है।

chat bot
आपका साथी