कोच्चि का मोटरसाइकिल रेसर जैसलमेर के रेगिस्तान में भटका, प्यास से मौत
गर्मी और प्यास के कारण उसकी मौत हुई है, लेकिन पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नईदुनिया जयपुर। कोच्चि का मोटरसाइकिल रेसर जैसलमेर के रेगिस्तान में भटक गया और प्यास से उसकी मौत हो गई। बताया जाता है कि अशोक यहां शनिवार से शुरू हो रही इंडिया बाजा रैली में शामिल होने आया था।
अशोक का शव जैसलमेर से 200 किलोमीटर दूर शाहगढ़ बल्ज इलाके के रेगिस्तान में मिला। शव की तलाश में करीब चार घंटे लग गए। बताया जा रहा है कि इंडिया बाजा रैली के ट्रायल रन के दौरान गुरुवार को अशोक रास्ता भटक गया। आयोजकों ने पुलिस को मामले की जानकारी शुक्रवार को दी।
पुलिस ने सूचना मिलने के बाद अशोक की तलाश शुरू की। मौके पर पुलिस ने पाया कि मोटरसाइकिल गिरी हुई थी और पानी की बोतल खाली थी। ऐसे में लग रहा है कि गर्मी और प्यास के कारण उसकी मौत हुई है, लेकिन पुलिस मामले की जांच कर रही है।