Coronavirus : भारतीय तटों से लौटाए गए 25 हजार से ज्यादा यात्री, सात सौ जहाजों को नहीं दी गई आने की इजाजत

भारत सरकार ने कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए अब तक 700 से अधिक जहाजों के 25 हजार से अधिक यात्रियों को भारतीय तटों पर नहीं उतरने दिया है।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Sun, 15 Mar 2020 06:19 PM (IST) Updated:Sun, 15 Mar 2020 06:45 PM (IST)
Coronavirus : भारतीय तटों से लौटाए गए 25 हजार से ज्यादा यात्री, सात सौ जहाजों को नहीं दी गई आने की इजाजत
Coronavirus : भारतीय तटों से लौटाए गए 25 हजार से ज्यादा यात्री, सात सौ जहाजों को नहीं दी गई आने की इजाजत

नई दिल्ली, पीटीआइ। कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए सरकार ने अबतक 700 से अधिक जहाजों के 25 हजार से अधिक यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को भारतीय तटों पर नहीं उतरने दिया। जहाजरानी मंत्रालय के अधिकारी ने यह जानकारी दी। माल चढ़ाने और उतारने पर पाबंदी के अलावा सरकार ने एक फरवरी के बाद कोरोना वायरस से प्रभावित देशों से आये किसी भी अंतरराष्ट्रीय क्रूज जहाज, चालक दल के सदस्यों और यात्रियों के प्रवेश पर पिछले हफ्ते 31 मार्च तक के लिए रोक लगा दी थी।

25,504 यात्री तटों पर पहुंचे लेकिन नहीं उतरने दिया गया 

अधिकारी ने कहा, '13 मार्च तक 703 जहाजों से 25,504 यात्री और चालक दल के सदस्य चीन या अन्य प्रभावित देशों से भारतीय तटों पर पहुंचे। हालांकि, इस वायरस के फैलने की आशंका से एहतियात के तौर पर उन्हें उतरने नहीं दिया गया। उन्हें निर्धारित स्थान पर ठहरने को कहा गया है, लेकिन 26 जनवरी के बाद ऐसे चालक दल के सदस्यों एवं यात्रियों को कोई तटीय पास नहीं जारी किया गया।'

आने वालों की हो रही सघन जांच 

अधिकारी ने कहा कि विश्र्व स्वास्थ्य संगठन के दिशा-निर्देशों के अनुसार विदेश से आये जहाजों के सभी यात्रियों एवं चालक दल के सदस्यों को स्कैन किया जा रहा है और उन्हें सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही हैं। सभी जरूरी नियमों का पालन किया जा रहा है और बुखार व बीमारी की स्थिति में मदद पहुंचाई जा रही है।

भारत में 12 बड़े बंदरगाह

दीनदयाल (कांडला) मुंबई (Deendayal erstwhile Kandla), जेएनपीटी (JNPT), मार्मागुआ (Marmugao), न्यू मेंगलुरु (New Mangalore), कोच्चि चेन्नई (Cochin Chennai), कामराजार इन्नोर (Kamarajar, earlier Ennore), वीओ चिदंबरनार (V O Chidambarnar), विशाखापत्तनम (Visakhapatnam), पारादीप और कोलकाता (Paradip and Kolkata) हैं। सरकार ने पिछले महीने सभी 12 बड़े बंदरगाहों को कोरोना वायरस के मद्देजनर समुद्री कर्मचारियों एवं क्रूज यात्रियों के लिए स्क्रीनिंग, डिटेक्शन, पृथक सुविधा केंद्र की तत्काल व्यवस्था करने का निर्देश दिया था।

भारत में मरीजों की संख्या सौ के पार

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के 12 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 107 हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि इस आंकड़ें में वे दो लोग भी शामिल हैं जिनकी दिल्ली और कर्नाटक में मौत हो चुकी है। दिल्‍ली में कोरोना के सात, उत्तर प्रदेश में 11, कर्नाटक में छह, महाराष्ट्र में 31, लद्दाख में तीन और जम्मू-कश्मीर में दो मामले सामने आए हैं। राजस्थान में कोरोना वायरस के दो केस पाए गए हैं। कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और पंजाब में एक-एक व्‍यक्ति को कोरोना से संक्रमित पाया गया है।

chat bot
आपका साथी