देश में ओमिक्रोन ने पकड़ी रफ्तार, एक ही दिन में मिले 14 मामले, मुंबई में धारा-144, गृह मंत्रालय ने की हालात की समीक्षा

देश में गुरुवार को कोरोना के ओमिक्रोन वैरिएंट के 14 नए मामले सामने आए। कोरोना का यह नया वैरिएंट महाराष्ट्र और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों तक पहुंच गया है।वहींं केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा की है।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Thu, 16 Dec 2021 07:20 PM (IST) Updated:Fri, 17 Dec 2021 06:52 AM (IST)
देश में ओमिक्रोन ने पकड़ी रफ्तार, एक ही दिन में मिले 14 मामले, मुंबई में धारा-144, गृह मंत्रालय ने की हालात की समीक्षा
देश में ओमिक्रोन के मामलों में हर रोज तेजी से बढ़ोतरी हो रही है।

नई दिल्‍ली, एजेंसियां। देश में गुरुवार को ओमिक्रोन वैरिएंट के 14 नए मामले सामने आए। कर्नाटक में पांच तो तेलंगाना और राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली में चार-चार नए मामले सामने आए जबकि गुजरात के मेहसाणा जिले की वीजापुर तहसील के एक गांव में एक 41 वर्षीय महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता ओमिक्रोन से संक्रमित पाई गई। इसके साथ ही देश में ओमिक्रोन के संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 83 हो गया है। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए केंद्र सरकार भी सक्रिय हो गई है। केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने गुरुवार को देश में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा की।

Four more persons test positive for #Omicron in Hyderabad, taking total number of the variant cases to 7 in Telangana, as per the health department— ANI (@ANI) December 16, 2021

गृह सचिव ने की हालात की समीक्षा

कोरोना का यह नया वैरिएंट महाराष्ट्र और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों तक पहुंच गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने गुरुवार को ओमिक्रोन के बढ़ते मामलों के बीच बृहस्पतिवार को देश में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा की। इस बैठक में महामारी की स्थिति से निपटने के लिए सभी केंद्र शासित प्रदेशों की स्वास्थ्य संबंधी तैयारियों की भी समीक्षा की गई। बैठक में केंद्र शासित प्रदेशों के प्रशासनिक अधिकारी और केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण शामिल हुए।

हालात पर सरकार की पैनी नजर

केंद्रीय गृह मंत्रालय के प्रवक्‍ता ने बताया कि केंद्र शासित प्रदेशों में महामारी की स्थिति की समीक्षा के लिए केंद्रीय गृह सचिव ने केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव के साथ हुई बैठक की अध्यक्षता की। अभी एक दिन पहले ही बुधवार को केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य सचिव ने भी केंद्र शासित प्रदेशों और राज्‍यों के वरिष्‍ठ अधिकारियों के साथ बैठक की थी। इस बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने राज्‍यों के अधिकारियों को सभी आक्‍सीजन संयंत्रों की जांच परख के लिए निर्देश जारी किए थे।

मुंबई में धारा-144 लागू

ओमिक्रोन के बढ़ते खतरे को देखते हुए मुंबई में 31 दिसंबर (नए साल की पूर्व संध्या) की मध्यरात्रि तक धारा-144 लगा दी गई है। समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए, महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम (MIDC) के पुलिस निरीक्षक नासिर कुलकर्णी ने कहा कि यदि लोग COVID-19 के उचित व्यवहार का पालन नहीं करेंगे तो हम कार्रवाई करेंगे। हमने लोगों को मास्क पहनने का निर्देश दिया है। मुंबई में ओमिक्रोन के कुल 13 मामले दर्ज किए गए हैं।

तमिलनाडु में पांच और संदिग्‍ध मरीजों का पता चला

तमिलनाडु सरकार ने गुरुवार को कहा कि राज्‍य में एस-जीन ड्राप के साथ पांच और संदिग्‍ध मरीजों का पता चला है जो दर्शाता है कि ये ओमिक्रोन वैरिएंट से संक्रमित हो सकते हैं। नाइजीरिया से चेन्‍नई पहुंचे एक 47 वर्षीय व्यक्ति के नमूने की जीनोम जांच के बाद राज्य ने बुधवार को पहले ओमिक्रोन मामले की सूचना दी थी। इसके परिवार के छह सदस्यों में ओमिक्रोन का संदेह पैदा करने वाले एस-जीन ड्राप थे। इन सभी के नमूने जीनोम जांच के लिए भेजे गए हैं जिनकी रिपोर्ट का इंतजार है।

कहां कितने मामले

महाराष्‍ट्र- 32

राजस्थान- 17

दिल्ली- 10

केरल- 5

गुजरात- 5

कर्नाटक- 8

तेलंगाना- 7

आंध्र प्रदेश- 1

तमिलनाड़- 1

चंडीगढ़- 1

पश्चिम बंगाल- 1

महाराष्‍ट्र में सबसे ज्‍यादा मामले 

महाराष्ट्र में ओमिक्रोन के अब तक सबसे अधिक 32 मामले दर्ज किए गए। इसके बाद राजस्थान में 17 मामले दर्ज किए गए। वहीं कर्नाटक में आठ, गुजरात में पांच, केरल में पांच, तेलंगाना में दो, तमिलनाडु, बंगाल और आंध्र प्रदेश में एक-एक मामला दर्ज किया गया है। केंद्र शासित प्रदेश दिल्ली में 10 और चंडीगढ़ में एक मामला सामने आ चुका है। उल्लेखनीय है ओमिक्रोन वैरिएंट के देश के पहले दो मामलों का पता कर्नाटक में चला था। कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री के. सुधाकर ने कहा कि राज्य में ओमिक्रोन के पांच और मामलों का पता चला है।

केरल सरकार ने दिए सख्‍त निर्देश

वहीं केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने गुरुवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे गैर-उच्च जोखिम वाले देश से आने वाले वालों के लिए पाबंदियों को सख्ती से लागू करें। उन्‍होंने कहा कि सभी को सेल्‍फ क्‍वारंटीन के मानदंडों का सख्ती से पालन करना होगा और भीड़-भाड़ वाली जगहों, सिनेमाघरों और माल जानें से बचना होगा।

कोरोना के सक्रिय मामलों में कमी लेकिन 343 की मौत

देश में कोरोना संक्रमण के सक्रिय मामलों में गिरावट जारी है। पिछले 24 घंटे के दौरान जहां 7,974 नए मामले मिले हैं वहीं सक्रिय मामले 87,245 रह गए हैं। मरीजों के ठीक होने की दर बढ़ी है और दैनिक और साप्ताहिक संक्रमण दर एक प्रतिशत से नीचे बरकरार है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से गुरुवार सुबह आठ बजे जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक कोरोना महामारी के चलते 343 और मरीजों की जान भी गई है। इनमें केरल से 282 और बंगाल से 13 मौतें शामिल हैं। केरल में मौत का आंकड़ा इसलिए अधिक है क्योंकि राज्य में पहले हुई मौतों को नए आंकड़ों के साथ मिलाकर जारी किया जा रहा है।

कुल 135.84 करोड़ डोज लगाई गई

कोविन पोर्टल के शाम साढ़े छह बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक देश में अब तक कोरोना रोधी वैक्सीन की कुल 135.84 करोड़ डोज लगाई जा चुकी हैं। इनमें 82.38 करोड़ पहली और 53.45 करोड़ दूसरी डोज शामिल हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बताया गया है कि केंद्र द्वारा राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को अब तक 141.80 करोड़ वैक्सीन की डोज सप्लाई की जा चुकी हैं। राज्यों के पास अभी 16.42 करोड़ अप्रयुक्त डोज शेष हैं जिन्हें लोगों को लगाया जाना है। 

chat bot
आपका साथी