खोखले और झूठे वादे कर रही मोदी सरकार : राहुल गांधी

राहुल ने कहा, बड़े-बड़े वादे करने की बजाए काम करके दिखाती है कांग्रेस...

By Gunateet OjhaEdited By: Publish:Sat, 12 Aug 2017 09:06 PM (IST) Updated:Sat, 12 Aug 2017 09:06 PM (IST)
खोखले और झूठे वादे कर रही मोदी सरकार : राहुल गांधी
खोखले और झूठे वादे कर रही मोदी सरकार : राहुल गांधी

रायचूर (कर्नाटक), प्रेट्र। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को बेरोजगारी और किसानों का बदहाली का मुद्दा उठाते हुए मोदी सरकार पर झूठे और खोखले वादे करने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस बड़े-बड़े वादे करने की बजाए काम करके दिखाती है।

कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस समिति की बैठक को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा कि मोदी सरकार ने सत्ता संभालने के बाद किसानों की पूरी मदद करने का वादा किया था, लेकिन आज देशभर में किसान आत्महत्या कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कर्नाटक और पंजाब की कांग्रेस सरकारें ही किसानों के साथ खड़ी हैं, क्योंकि कांग्रेस का मानना है कि किसान ही भारत को मजबूत बनाते हैं। अगर किसान सशक्त होंगे तो भारत भी मजबूत होगा। अगर वे कमजोर होंगे तो भारत भी कमजोर होगा। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस नीत सरकार केंद्र में थी तो फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में हर साल करीब 15 फीसद की बढ़ोतरी होती थी, लेकिन भाजपा के सत्ता में आने के बाद से यह बढ़ोतरी घटकर प्रतिवर्ष दो से तीन फीसद रह गई है।

कम रोजगार दर को लेकर भी मोदी सरकार को निशाना बनाते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि कर्नाटक सरकार इस दिशा में कही ज्यादा अच्छा काम कर रही है। उन्होंने कहा, 'वो मेक इन इंडिया की बात करते हैं, लेकिन एक भी कारखाना नहीं लग पाया। मेक इन इंडिया की वजह से यहां कितने लोगों को रोजगार मिला है? अब आप बताइए कर्नाटक में सिद्दरमैया ने कितने रोजगार दिए हैं? .. 30,000.. झूठे वादे एक तरफ हैं और दूसरी तरफ कांग्रेस के मुख्यमंत्री तहे दिल से लोगों के लिए काम कर रहे हैं। वह कोई खोखला वादा नहीं करते। यही उनके और हमारे बीच अंतर है।'

राहुल ने पार्टी के लोगों से कर्नाटक में अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनावों को एकजुटता से लड़ने का आह्वान करते हुए जीत का भरोसा व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अपने कामों की वजह से कांग्रेस यह चुनाव जीतेगी, खासकर जो काम उसने राज्य के किसानों और युवाओं के लिए किए हैं। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि वह कार्यकर्ताओं को बताना चाहते हैं कि वे ही पार्टी की ताकत हैं।

यह भी पढ़ेंः कर्नाटक में अमित शाह बोले- अबकी बार भाजपा सरकार

chat bot
आपका साथी