देश के कई हिस्सों में मानसून पूर्व बारिश की संभावना

एक-दो दिन में मानसून पूर्व की बारिश होने की उम्मीद है। भारतीय मौसम विज्ञान के मुताबिक तापमान बढ़ने के कारण हवा में कुछ आ‌र्द्रता आई है।

By Sachin MishraEdited By: Publish:Tue, 03 May 2016 10:02 PM (IST) Updated:Tue, 03 May 2016 10:39 PM (IST)
देश के कई हिस्सों में मानसून पूर्व बारिश की संभावना

जेएनएन, नई दिल्ली। गर्मी से झुलसते देश के विभिन्न हिस्सों को शीघ्र राहत की फुहारें नसीब होने वाली हैं। अगले एक-दो दिन में मानसून पूर्व की बारिश होने की उम्मीद है। इस उम्मीद में मौसम विभाग ने बुधवार और गुरुवार के लिए गर्मी और लू को लेकर कोई चेतावनी नहीं जारी की है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिक एसडी पई के मुताबिक तापमान बढ़ने के कारण हवा में कुछ आ‌र्द्रता आ गई है, जिससे बादलों का निर्माण हुआ है। परिणामस्वरूप हल्की बारिश होगी। पश्चिमी विक्षोभ के कारण भी उत्तर पश्चिमी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में बारिश होगी। तेज हवाएं भी चल सकती हैं। यह बारिश मानसून पूर्व की बारिश होगी जिससे तापमान नीचे की ओर रुख करेगा।

इस फौरी राहत के बाद पारा फिर ऊपर चढ़ेगा। मानसून पूर्व की यह बारिश राजधानी दिल्ली को भी राहत बख्शेगी। मौसम संबंधी भविष्यवाणी से जुड़ी निजी एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक मानसून पूर्व की गतिविधयां कहीं कम, कहीं ज्यादा रहेगी। लेकिन इससे राहत की बात यह रहेगी कि पारा उतना नहीं चढ़ पाएगा, जैसे इस महीने की शुरूआत में अप्रत्याशित रूप से बढ़ा था।

बांदा दूसरे दिन भी सबसे गर्म

उत्तर प्रदेश का बांदा दूसरे दिन भी देश के मैदानी इलाके में सर्वाधिक गर्म रहा। मंगलवार को भी यहां अधिकतम तापमान 47.2 दर्ज किया गया। आगरा और कानपुर मंडल में गर्मी झुलसाती रही। लेकिन गोरखपुर और फैजाबाद मंडल में राहत रही।

दिल्ली में सोमवार को बढ़ी गर्मी से मंगलवार को कुछ राहत मिली। दिल्ली के कुछ इलाकों में सुबह तेज हवा के साथ बूंदाबांदी हुई। दिनभर बादल छाए रहने से अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि न्यूनतम तापमान ने 3 मई को बीते पांच सालों का रिकॉर्ड तोड़ा। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पड़ोसी राज्य राजस्थान में कुछेक स्थानों पर हल्की बारिश से तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में धूलभरी आंधी के कारण पारा कुछ नीचे गिरा और लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की।

संबंधित अन्य खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

chat bot
आपका साथी