जानें कौन हैं आर्यन खान के वकील सतीश मानशिंदे? सलमान, रिया और संजय दत्त के भी रहे चुके हैं वकील

एनसीबी (नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो) के छापे में पकड़े गए शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान की कोर्ट में पैरवी देश के सबसे महंगे और हाई प्रोफाइल वकील सतीश मानशिंदे कर रहे हैं। सतीश इससे पहले बालीवुड के कई बड़े मामले लड़ चुके हैं।

By Arun Kumar SinghEdited By: Publish:Mon, 04 Oct 2021 10:07 PM (IST) Updated:Mon, 04 Oct 2021 10:13 PM (IST)
जानें कौन हैं आर्यन खान के वकील सतीश मानशिंदे? सलमान, रिया और संजय दत्त के भी रहे चुके हैं वकील
हाई प्रोफाइल वकील सतीश मानशिंदे शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान

 नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। एनसीबी (नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो) के छापे में पकड़े गए शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान की कोर्ट में पैरवी देश के सबसे महंगे और हाई प्रोफाइल वकील सतीश मानशिंदे कर रहे हैं। सतीश इससे पहले बालीवुड के कई बड़े मामले लड़ चुके हैं। बड़े स्टार्स के नाजुक केस लड़ने के बाद सतीश मानशिंदे को 'बालीवुड के संकटमोचक' के रूप में देखा जाने लगा है। सतीश मानशिंदे पालघर लिंचिंग मामले में भी विशेष लोक अभियोजक हैं। एनसीबी ने मुंबई में एक क्रूज पर रेव पार्टी में आर्यन खान समेत कई लोगों को रविवार को गिरफ्तार किया था।

इससे पहले किन मामलों में की पैरवी

सतीश मानशिंदे ने ही सुशांत सिंह राजपूत से जुड़े ड्रग्स मामले में रिया चक्रवर्ती की पैरवी कर जमानत दिलाई थी। इससे पहले वह संजय दत्त के 1993 के मुंबई बम धमाके वाला मामला लड़ चुके हैं। मानशिंदे ने ही सलमान खान का काला हिरण वाला केस लड़ा था और दबंग खान को जमानत दिलवाई थी।

राम जेठमलानी के जूनियर वकील के रूप में की थी शुरुआत

मशहूर वकील सतीश मानशिंदे कर्नाटक स्थित धारवाड़ निवासी हैं। कानून की पढ़ाई के बाद वह मुंबई आ गए थे। उन्होंने देश के मशहूर वकील रहे स्व. राम जेठमलानी के जूनियर वकील के तौर 1983 में शुरुआत की थी। करीब 10 सालों तक मानशिंदे ने राम जेठमलानी के अंडर में काम किया। इस दौरान उन्होंने नागरिक और अपराध कानून की बारीकियां सीखीं। इसके बाद उन्होंने नेताओं से लेकर अभिनेताओं के मामलों की पैरवी की। हाई-प्रोफाइल मामलों के लिए देश के शीर्ष आपराधिक वकीलों में से एक बन गए। 

संजय दत्त का केस लड़ जमानत दिलवाई

मानशिंदे सबसे पहले उस वक्त चर्चा में आए, जब उन्होंने 1993 के मुंबई बम धमाकों में अभिनेता संजय दत्त का केस लड़ा था। मानशिंदे ने ही उस मामले में संजय दत्त को जमानत दिलवाई थी। उसके बाद से सतीश देश के हाई प्रोफाइल मामलों के लिए सबसे मशहूर वकील के तौर पर जाने-जाने लगे।

राखी सावंत का भी मुकदमा लड़ा

मानशिंदे ने अभिनेत्री राखी सावंत का भी केस लड़ा था। साल 2010 में जब राखी सावंत पर आत्महत्या के लिए उकसाने को लेकर केस दर्ज किया गया था तो वह मामला मानशिंदे ने ही लड़ा था। उस वक्त राखी टीवी पर 'राखी का इंसाफ' शो होस्ट करती थीं।

सलमान खान का भी केस लड़ा

सतीश ने मशहूर अभिनेता सलमान खान का काला हिरण मामला लड़ा था और उन्हें जमानत दिलवाई। साल 2002 में सलमान खान के 'ड्रंक एंड ड्राइव' मामले में भी मानशिंदे ने ही लड़ा था और उन्हें जमानत दिलवाई थी।

रिया चक्रवर्ती ने भी मानशिंदे को किया था हायर

पिछले साल सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या मामले से जुड़े ड्रग्स मामले में अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती और उनके भाई शोविक चक्रवती के मामले को अन्य एक्टरों की तरह मानशिंदे ने ही लड़ा था, तब सतीश की फीस को लेकर भी चर्चा होने लगी। हालांकि कोर्ट ने दोनों को जमानत दे दी थी। ऐसे में सुशांत सिंह राजपूत के प्रशंसकों ने पूछा कि रिया वह फीस कहां से दे रही है, जबकि रिया चक्रवर्ती इतनी बड़ी अभिनेत्री नहीं थी। उनका करियर भी लंबा नहीं था।

केस लड़ने के लिए लेते हैं मोटी फीस

मुंबई में एक प्रमुख वकील होने के नाते मानशिंदे केस लड़ने के लिए अपने क्लाइंट से मोटी फीस लेते हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक, मानशिंदे केस लड़ने के लिए एक दिन में 10 लाख रुपये चार्ज करते हैं।

आर्यन खान 7 तक रहेंगे एनसीबी की हिरासत में

अभिनेता शाहरुख खान के पुत्र आर्यन खान की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कोर्ट ने यह कहते हुए उनकी एनसीबी हिरासत सात अक्तूबर तक बढ़ा दी है कि जांच की अपनी अहमियत होती है। आरोपित का एनसीबी के साथ रहना जरूरी है।

नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की ओर से पेश किए गए रिमांड पेपर में कहा गया था कि आर्यन खान के फोन में तस्वीरों के रूप में कई आपत्तिजनक चीजें मिली हैं। ये पिक्चर्स चैट इंटरनेशनल ड्रग ट्रैफिकिंग की ओर इशारा करते हैं। इसलिए उनकी एनसीबी हिरासत 11 अक्तूबर तक बढ़ाई जानी चाहिए।

chat bot
आपका साथी