महाराष्‍ट्र के बाद अब कर्नाटक सरकार ने बाढ़ पीड़ितों के लिए मुआवजे का किया एलान, प्रभावित परिवारों को मिलेंगे 25 हजार रुपए

महाराष्‍ट्र सरकार के बाद अब कर्नाटक सरकार ने राज्‍य में बाढ़ से प्रभावित परिवारों के लिए मुआवजे का एलान किया है। कर्नाटक सरकार ने राज्‍य में भारी बारिश के चलते आई बाढ़ से प्रभावित परिवारों को 25000-25000 रुपए का मुआवजा देने की घोषणा की है।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Sat, 24 Oct 2020 05:05 PM (IST) Updated:Sat, 24 Oct 2020 05:05 PM (IST)
महाराष्‍ट्र के बाद अब कर्नाटक सरकार ने बाढ़ पीड़ितों के लिए मुआवजे का किया एलान, प्रभावित परिवारों को मिलेंगे 25 हजार रुपए
कर्नाटक सरकार ने राज्‍य में बाढ़ से प्रभावित परिवारों के लिए मुआवजे का एलान किया है।

बेंगलुरु, एजेंसियां। महाराष्‍ट्र सरकार के बाद अब कर्नाटक सरकार ने राज्‍य में बाढ़ से प्रभावित परिवारों के लिए मुआवजे का एलान किया है। कर्नाटक सरकार ने राज्‍य में भारी बारिश के चलते आई बाढ़ से प्रभावित परिवारों को 25,000-25,000 रुपए का मुआवजा देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा (BS Yediyurappa) ने इस तरह की स्थिति से निपटने के लिए एक स्थायी समाधान निकालने का भरोसा भी दिया।

मुख्यमंत्री येदियुरप्पा ने कहा कि शहर के नालों से अतिक्रमण को हटाया जाएगा। बाढ़ की वजह से घर में पानी घुसने से जिन लोगों को अनाज, कपड़ों और अन्य जरूरी चीजों का नुकसान हुआ है उन सभी को चेक के जरिए 25,000-25,000 रुपए दिए जाने का फैसला हुआ है। मुख्‍यमंत्री ने राज्‍य के होसाकेरेहल्ली और निकट के इलाकों में प्रभावित क्षेत्रों का दौरा भी किया। उन्होंने कहा कि आज से ही हर प्रभावित परिवार को चेक वितरित किया जाएगा।

मुख्‍यमंत्री ने बृहद बेंगलुरु महानगरपालिका के अधिकारियों से पूरी ईमानदारी से काम करने का भी निर्देश दिया। उन्‍होंने कहा कि राज्‍य सरकार के आकलन के मुताबिक, करीब 650-700 घर प्रभावित हुए हैं। मुख्यमंत्री की ओर से लोगों के लिए आर्थिक मदद दिए जाने का एलान ऐसे समय किया गया है जब बेंगलुरू शहर के कई हिस्से खास तौर पर दक्षिणी बेंगलुरु में भारी बारिश के चलते लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

इससे एक दिन पहले महाराष्‍ट्र सरकार ने भी किसानों समेत बारिश प्रभावित लोगों के लिए 10 हजार करोड़ रुपये की आर्थिक मदद की घोषणा की। महाराष्‍ट्र के मुख्‍यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा था कि यह राहत दिवाली तक दी जाएगी। इस पर भाजपा नेता देवेंद्र फड़णवीस ने निशाना साधते हुए कहा कि पहले ठाकरे ने खुद ही बारिश प्रभावित किसानों के लिए 25 हजार रुपये और प्रति हेक्टेयर 50 हजार रुपये की वित्तीय सहायता की मांग की थी। ठाकरे ने किसानों का भरोसा तोड़ा है।

chat bot
आपका साथी