एलियंस के रहस्य से जल्द उठ सकता है पर्दा, जिसका सबको बेसब्री से है इंतजार

कुछ लोगों का दावा है कि नासा के वैज्ञानिक भी एरिया 51 में काम करते हैं। वो लगातार एलियंस से संपर्क साधने की कोशिश कर रहे हैं।

By Lalit RaiEdited By: Publish:Mon, 26 Jun 2017 11:36 AM (IST) Updated:Mon, 26 Jun 2017 04:04 PM (IST)
एलियंस के रहस्य से जल्द उठ सकता है पर्दा, जिसका सबको बेसब्री से है इंतजार
एलियंस के रहस्य से जल्द उठ सकता है पर्दा, जिसका सबको बेसब्री से है इंतजार

 नई दिल्ली[स्पेशल डेस्क] ।  एलियंस और उड़नतश्तरी को लेकर हमेशा लोगों में उत्सुकता रही है। क्या वाकई में इनका अस्तित्व है। क्या पृथ्वी के अलावा कोई ग्रह है जहां पर एक दूसरी दुनिया है जो हम लोगों से ज्यादा विकसित है। क्या भविष्य में इंसान और एलियंस के बीच युद्ध जैसे हालात पैदा होंगे। या ये सब केवल एक भ्रम है। एलियंस के रहस्य से पर्दा उठाने के लिए नासा (नेशनल एरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन) जल्द ही एलियंस से जुड़ी बड़ी घोषणा कर सकता है। यह दावा किया है हैकिंग समूह एनॉनिमस ने। एनॉनिमस के अनुसार अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा एलियंस के वजूद को लेकर बड़ा खुलासा करने वाला है।

एनॉनिमस का दावा

हैकिंग समूह एनॉनिमस के इन दावों का आधार नासा की ओर से हाल ही में की गईं कुछ अहम खोज हैं। नासा के एक प्रवक्ता ने अप्रैल में अमेरिकी कांग्रेस के सामने एलियंस की खोज से जुड़े कुछ संकेत दिए थे। साइंस मिशन निदेशालय के सहायक प्रबंधक प्रोफेसर थॉमस जुरबुचेन ने कांग्रेस के सामने कहा था कि हाल के दिनों में नासा को कुछ अहम जानकारियां हाथ लगी हैं।

नासा ने शनि के चंद्रमा पर हाइड्रोजन मौजूद होने का भी पता लगाया है। इस तरह कई जानकारियां साझा करते हुए प्रोफेसर जुरबुचेन ने कहा था कि नासा एलियंस की मौजूदगी से जुड़े अहम सुबूत खोजने के बहुत करीब पहुंच चुका है। माना जा रहा है कि इन जानकारियों के आधार पर ही अंतरराष्ट्रीय हैकिंग एजेंसी ने इस तरह का दावा किया है। एलियंस का मामला हमेशा से लोगों के बीच चर्चा का विषय रहा है। कई स्तरों पर एलियंस को लेकर शोध और खोज भी होती रही है। लोगों की दिलचस्पी यह जानने में है कि क्या कोई दूसरी दुनिया भी है जहां लोग बसते हैं। अब तक इस सवाल का कोई विश्वसनीय जवाब नहीं मिल पाया है। एलियंस की मौजूदगी को लेकर अमेरिका के एरिया-51 में लंबे समय से शोध जारी है। आइए आप को बताते हैं कि एरिया 51 को लेकर इतनी गोपनीयता क्यों बरती जाती है। 

क्या है एरिया 51 ?

एरिया 51 ऐसी जगह है, जिसके बारे में पूरी दुनिया को कुछ मालूम ही नहीं। इसके बारे में तो अमेरिकी सरकार ने भी अभी कुछ ही साल पहले कहा है कि वो जगह दुनिया में मौजूद है। पर इसके आगे अमेरिकी सरकार ने कुछ भी नहीं कहा। एरिया 51 एक सैन्य इलाका है जो लास वेगास से 80 मील उत्तर-पश्चिम में स्थित है। ऐसा माना जाता है कि यहां दूसरे ग्रहों से आए एलियनों के ऊपर शोध किया जाता है। कई लोगों ने तो यहां तक दावा किया है कि उन्होंने कई बार अनआडेंटिफाइड फ्लाइंग ऑब्जेक्ट (यूएफओ) को वहां उड़ते देखा है।

जब हादसे का शिकार हुआ यूएफओ

सन 1947 में किए गए एक दावे के मुताबिक इस जगह पर एक यूएफओ हादसे का शिकार हो गया था। जिसमें से एक एलियन का शव भी बरामद हुआ था। ये एलियन 4 फुट का था और अनगढ़ मानव जैसा दिखता था। बताया जाता है कि एरिया 51 के किसी हिस्से में अब भी उस पर शोध चल रहा है। इस जगह को इतना गोपनीय क्यों रखा गया है, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि अमेरिकी सरकार के किसी नक्शे तक में इसकी कोई जानकारी नहीं है। काफी साल पहले जब एक नक्शे में इसे दिखाया गया था। लेकिन तुरंत उस नक्शे को बदलकर दूसरा नक्शा लाया गया। अमेरिकी सरकार कभी नहीं चाहती थी कि एरिया 51 के बारे में किसी को पता चले।

एरिया 51 में आम लोगों के जाने पर रोक

कुछ लोगों का दावा है कि नासा के वैज्ञानिक भी यहां काम करते हैं। वो लगातार एलियंस से संपर्क साधने की कोशिश कर रहे हैं। उनके विमानों पर शोध कर रहे हैं। और एलियंस का दिमाग पढ़ने की कोशिश कर रहे हैं। एरिया 51 एक ऐसा स्थान है जो जहां आम आदमियों के जाने पर पूरी तरह से प्रतिबंधित है। इस इलाके के चारों ओर बाड़ लगाया गया है जिससे कि कोई जानवर और इंसान गलती से या धोखे से अंदर नहीं घुस सके। बाड़ों के चारों अत्याधुनिक हथियारों से लैस सुरक्षाकर्मी घूमते रहते हैं।

गूगल के मैप से ग्रूम झील गायब

इस जगह पर ग्रूम नाम की एक झील है। जिसके बारे में गूगल मैप तक पर भी जानकारी नहीं है। इस झील से सटा हुए एक रन वे बना हुआ है। यहां कुल 7 रन-वे हैं, जिनसे खुफिया विमान उड़ान भरते रहते हैं। 1950 के शुरुआती दौर में कुछ उड़तस्तरियों को अमेरिकी आसमान में उड़ते पाया गया था जिसके बाद इसके लिए एक अलग खुफिया प्रोजेक्ट शुरू किया गया। इस नए प्रोजेक्ट को 'प्रोजेक्ट ब्लू बुक' और कई दूसरे नामों से जाना जाता है जिसे सीआईए के निर्देशों के बाद शुरू किया गया था। यह इतना खुफिया प्रोजेक्ट था कि इसकी जानकारी बेहद खास लोगों को ही थी।

एरिया 51 को जब परीक्षण क्षेत्र के तौर पर चुना गया तो 8500 फीट लंबे रनवे के निर्माण की जरूरत हुई। इस निर्माण की तरफ किसी का ध्यान न जाए इसलिए इसका निर्माण कार्य सिर्फ रात में किया जाता था। कुछ तथ्यों के मुताबिक तो एरिया 51 में कई एलियनों को कैद करके रखा गया जिन पर शोध किया जाता है। बताया जाता है कि इस जगह पर परमाणु बमों के धमाके भी किए गए हैं, जिसकी वजह से आम लोगों को यहां से विस्थापित कर दिया गया। यहां कुछ लोग अब भी रहते हैं, पर वो इस एरिया 51 के कर्मचारी हैं या उनके परिजन, या कोई और। उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।

यह भी पढ़ें: धरती के अलावा दूसरे ग्रहों पर जीवन की तलाश, यहां मिल सकती है जीत

chat bot
आपका साथी