पेरिस हमले के आतंकियों को जानता था आइएस से जुड़ा भारतीय

मोइदीन को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) ने केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों और राज्य की पुलिस की मदद से तमिलनाडु के तिरुनेलवेली से गिरफ्तार किया था।

By Sanjeev TiwariEdited By: Publish:Sun, 23 Oct 2016 06:43 PM (IST) Updated:Sun, 23 Oct 2016 06:46 PM (IST)
पेरिस हमले के आतंकियों को जानता था आइएस से जुड़ा भारतीय

नई दिल्ली, प्रेट्र । आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आइएस) के लिए काम करने वाला भारतीय सुभानी हाजा मोइदीन पिछले साल नवंबर में पेरिस के थिएटर में हमला करने वाले आतंकियों को जानता था। लेकिन पूछताछ में उसने इस घातक हमले की जानकारी होने से इन्कार किया है।

मोइदीन को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) ने केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों और राज्य की पुलिस की मदद से तमिलनाडु के तिरुनेलवेली से गिरफ्तार किया था। उसकी गिरफ्तारी से केरल के जजों और विदेशी पर्यटकों पर हमले की साजिश को विफल किया गया। सूत्रों ने बताया कि मोइदीन सोशल मीडिया के जरिये कट्टरपंथी बना और आइएस में भर्ती हुआ। पिछले साल अप्रैल में वह 'उमरा' करने के बहाने इस्तांबुल गया और फिर वहां से आइएस के नियंत्रण वाले इराकी क्षेत्र में चला गया।

इसी दौरान वहां उसकी मुलाकात पेरिस हमले के आतंकियों अब्देलहामिद अबाउद और सलाह अब्देसलाम से हुई थी। पेरिस थिएटर हमले के दौरान मुठभेड़ में अबाउद मारा गया था जबकि अब्देलसलाम को फ्रांस की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। एनआइए ने मोइदीन के बारे में फ्रांसीसी सुरक्षा अधिकारियों को सूचना दे दी है और यहां स्थित फ्रांसीसी दूतावास से संपर्क किया है। सूत्रों के मुताबिक, कोर्ट का आदेश मिलने के बाद फ्रांसीसी अधिकारी मोइदीन से पूछताछ कर सकते हैं।

मोइदीन नवंबर में भारत लौटा। उसने बताया कि पेरिस हमले के बारे में उसे समाचारों से जानकारी मिली। तब उसे इराक और सीरिया में हमले में शामिल आतंकियों से मुलाकात की याद आई। मोइदीन ने इराक के मोसुल में आतंकी गतिविधि और हथियारों का प्रशिक्षण लिया था।

पढ़ेंः अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर एक भी जवान को छुआ तो कड़ा सबक सिखाएंगे: एडीजी

chat bot
आपका साथी