भारत में कोरोना वायरस मामले 39 लाख के पार, पिछले 24 घंटे में सामने आए 83,341 नए मामले, 1,096 की मौत

India Coronavirus Updates भारत में कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों की दर बढ़कर 77 फीसद हो गई है।

By Manish PandeyEdited By: Publish:Fri, 04 Sep 2020 09:56 AM (IST) Updated:Fri, 04 Sep 2020 12:40 PM (IST)
भारत में कोरोना वायरस मामले 39 लाख के पार, पिछले 24 घंटे में सामने आए 83,341 नए मामले, 1,096 की मौत
भारत में कोरोना वायरस मामले 39 लाख के पार, पिछले 24 घंटे में सामने आए 83,341 नए मामले, 1,096 की मौत

नई दिल्ली, एजेंसी। देश में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 83 हजार से अधिक नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 39 लाख को पार कर गई है। वहीं, देश में अब तक 30 लाख 37 हजार 152 लोग उपचार के बाद संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। इसके चलते ठीक होने की दर 77.15 फीसद हो गई है वहीं कोरोना से मृत्यु दर घटकर 1.75 फीसद हो गई है। आइसीएमआर से मिली जानकारी के अनुसार अब तक 4 करोड़ 66 लाख 79 हजार 145 नमूनों की जांच की जा चुकी है। गुरूवार को एक दिन में 11 लाख 69 हजार 769 नमूनों की जांच की गई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार देश में कोरोना संक्रमण के 83,341 नए मामले सामने आए। वहीं इस दौरान 1,096 और लोगों की मौत के साथ मरने वालों की संख्या 68,472 हो गई है। अब तक 30,37,152 लोग इस बीमारी को मात देकर स्वस्थ हो चुके हैं। आंकड़ों के अनुसार देश में फिलहाल 8,31,341 सक्रिय मामले हैं। जो कुल मामलों के 21.11 फीसद हैं।

देश ने लगातार दूसरे दिन 80,000 से अधिक कोरोना वायरस के नए मामले दर्ज किए गए हैं। जॉन्स हॉपकिन्स विश्वविद्यालय के अनुसार, कोरोना वायरस के मामलों और मौतों के में अमेरिका और ब्राजील के बाद भारत तीसरा सबसे प्रभावित देश है। 7 अगस्त को देश में कोरोना पीड़ितों की संख्या 20 लाख के पार हुई थी जबकि 23 अगस्त को यह संख्या 30 लाख के पार हो गई। 

24 घंटें में कहां कितनी मौत

24 घंटों के दौरान जिन 1,096 और लोगों की मौत की जानकारी मिली उनमें अकेले महाराष्ट्र में 391 लोगों ने जान गंवाई। इसी तरह कर्नाटक में 104, तमिलनाडु में 92, उत्तर प्रदेश में 75, आंध्र प्रदेश में 75, पंजाब में 72, बंगाल में 55, मध्य प्रदेश में 30, बिहार में 26, दिल्ली में 19, हरियाणा में 19, छत्तीसगढ़ में 16, गुजरात में 16, राजस्थान में 14, जम्मू-कश्मीर में 11, केरल में 10, तेलंगाना में 10, उत्तराखंड में 9, गोवा में 8, ओडीसा में 8, असम में 7, पुडुचेरी में 7, झारखंड में 6, हिमाचल में 5, चंडिगढ़ में चार, मनिपुर में तीन, त्रिपुरा में तीन, अंडमान में एक की जान गई।

अकेले महाराष्ट्र में 25 हजार मौतें

इसी तरह देश में अब तक हुई कुल 67,376 मौतों में सर्वाधिक महाराष्ट्र में 25,586 दर्ज की गई। इसके बाद तमिलनाडु में 7,608, कर्नाटक में 6,054, दिल्ली में 4,500, आंध्र प्रदेश में 4,200, उत्तर प्रदेश में 3,691, बंगाल में 3,394, गुजरात में 3,062 लोगों की अब तक जान जा चुकी है। स्वास्थ्य मंत्रालय का दावा है कि कोरोना से मरने वालों में करीब 70 फीसदी लोग ऐसे थे जो पहले से ही किसी गंभीर मर्ज से पीडि़त थे।

महाराष्ट्र में छह लाख से अधिक ठीक हुए

महाराष्ट्र में 24 घंटों के दौरान 18,105 मामले सामने आने से संक्रमितों की कुल संख्या जहां 843,844 हो गई वहीं 13,988 लोगों को अस्पताल से छुट्टी मिलने से ठीक होने वालों की कुल संख्या 6,12,484 हो गई है। राज्य में फिलहाल 2,05,428 सक्रिय मामले हैं। इस दौरान 391 लोगों की मौत से मरने वालों की कुल संख्या 25,586 हो गई है।

आंध्र प्रदेश में दस हजार से अधिक मामले सामने आए

आंध्र प्रदेश में 10,199 मामले सामने आए। यह लगातार नौवां दिन है जब राज्य में दस हजार से अधिक मामले सामने आए हों। इस दौरान 75 लोगों की मौत भी हुई। राज्य सरकार के बुलेटिन के अनुसार राज्य में अब तक कोरोना पीडि़तों की संख्या बढ़कर 4,65,730 हो गई है। अब तक 3,57,829 लोगों के ठीक होने से राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या 1,03.701 है।

तमिलनाडु में 50 लाख से अधिक नमूनों की जांच

तमिलनाडु में गुरुवार को 5,892 मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,45,851 हो गई है। इस दौरान 92 लोगों की मौत से राज्य में अब तक कोरोना से दम तोड़ने वालों की संख्या 7,608 हो गई है। इस दौरान 50 लाख से अधिक नमूनों की जांच की गई। राज्य सरकार के बुलेटिन के अनुसार गुरुवार को 82,901 नमूनों की जांच की गई। इस तरह अब तक 50,47,042 नमूनों की जांच हो चुकी है। वहीं 6,110 लोगों को अस्पताल से छुट्टी मिलने से अब तक 3,86,173 लोग इस बीमारी को मात दे चुके हैं।

chat bot
आपका साथी