डोकलाम के बाद भारत-चीन के बीच पहला सैन्य अभ्यास खत्म

सैन्य टुकड़ियों ने शहरी और जंगली क्षेत्रों में आतंकवाद से निपटने में दोनों देशों द्वारा अपनाये गये श्रेष्ठ संचालन को साझा किया।

By Ravindra Pratap SingEdited By: Publish:Mon, 24 Dec 2018 10:28 PM (IST) Updated:Mon, 24 Dec 2018 10:28 PM (IST)
डोकलाम के बाद भारत-चीन के बीच पहला सैन्य अभ्यास खत्म
डोकलाम के बाद भारत-चीन के बीच पहला सैन्य अभ्यास खत्म

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। भारत-चीन के बीच पिछले वर्ष डोकलाम में पैदा हुए गतिरोध के बाद दोनो देशों की सेनाओं के बीच परस्पर विश्वास बढ़ाने, सहयोग की समझ को विकसित करने और उसे मजबूत करने के लिहाज से हैंड इन हैंड संयुक्त सैन्य अभ्यास का आयोजन किया गया।

दक्षिण पश्चिम चीनी शहर चेंगदू में यह संयुक्त सैन्य अभ्यास 11 दिसंबर को शुरू हुआ था। जिसमें दोनों तरफ से 100-100 सैनिकों ने हिस्सा लिया। वर्ष 2017 में दोनों देशों के बीच डोकलाम क्षेत्र में करीब 73 दिन तक गतिरोध चलने के कारण यह अभ्यास पिछले वर्ष टाल दिया गया था।

चीन के वूहान में इस साल अप्रैल में प्रधानमंत्री मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग की अनौपचारिक शिखर वार्ता के बाद दोनों देशों के बीच संबंध पुन पटरी पर लौट है। इस युद्धाभ्यास में आतंकवादियों के छिपने के स्थानों को घेरने और खोज अभियानों, छापामारी करने, खुफिया जानकारी जुटाने और संयुक्त संचालन जैसे आतंकवाद से निपटने के अनेक पहलुओं पर आधारित व्याख्यान और विचार-विमर्श शामिल थे। दोनों टुकडि़यों के लिए अंतर-संचालन बढ़ाने और संयुक्त अभियान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समन्वित लाइव फायरिंग भी संचालित की गई। सैन्य टुकड़ियों ने शहरी और जंगली क्षेत्रों में आतंकवाद से निपटने में दोनों देशों द्वारा अपनाये गये श्रेष्ठ संचालन को साझा किया।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष हुई रिश्तों में उठापठक के बाद अब दोनो देशों के बीच हालात सुधर रहे हैं, दोनों पड़ोसी देश संबंधों की मधुरता को प्राथमिकता दे रहे हैं। अगस्त के महीने में चीन के रक्षा मंत्री वेई फेंगेह भारत की यात्रा पर आए थे और उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से भी मुलाकात की थी। इस दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग पर नया द्विपक्षीय समझौता हुआ था। साथ ही इस बात पर भी रजामंदी जाहिर की गई थी कि दोनों देशों की सेनाओं के बीच बातचीत को बढ़ाया जाएगा, ताकि फिर से डोकलाम जैसी स्थिति पैदा ना हो। 

chat bot
आपका साथी