उप्र में सपा का मुकाबला भाजपा से : नरेश अग्रवाल

राज्यसभा सांसद एवं सपा के राष्ट्रीय महासचिव नरेश अग्रवाल ने कहा कि वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों में सपा का मुकाबला भाजपा से होगा। कांग्रेस व बसपा लुप्त हो गई हैं। इस चुनाव में सपा फिर से सरकार बनाएगी।

By Gunateet OjhaEdited By: Publish:Fri, 13 Feb 2015 09:19 PM (IST) Updated:Fri, 13 Feb 2015 09:49 PM (IST)
उप्र में सपा का मुकाबला भाजपा से : नरेश अग्रवाल

बरेली, जागरण संवाददाता। राज्यसभा सांसद एवं सपा के राष्ट्रीय महासचिव नरेश अग्रवाल ने कहा कि वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों में सपा का मुकाबला भाजपा से होगा। कांग्रेस व बसपा लुप्त हो गई हैं। इस चुनाव में सपा फिर से सरकार बनाएगी।

सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि बसपा को सिर्फ रुपये से प्यार है। रकम से प्यार करने वाली पार्टी ज्यादा दिन नहीं चलती। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जनता से वादाखिलाफी की। एक भी घोषणा पूरी नहीं कर पाई। कालाधन लाना दूर की कौड़ी हो गई। पूंजीपतियों को बढ़ावा मिला। उन्हीं से फोन करके पूछा जा रहा कि बजट में क्या शामिल किया जाए।

किसानों से तो भाजपा का कोई सरोकार ही नहीं है। कहा कि 28 फरवरी को आने वाले बजट के बाद भाजपा का व्यापक विरोध शुरू हो जाएगा। बजट पूरी तरह निराशाजनक होगा। उप्र में आम आदमी पार्टी द्वारा दी जाने वाली चुनौती के सवाल पर बोले, इतिहास गवाह है कोई भी क्षेत्रीय दल दूसरे राज्य में चुनौती नहीं बना है। हां, अरविंद केजरीवाल को बधाई दी है, आप का समर्थन करते हैं। उन्होंने नरेंद्र मोदी का रथ रोका है।

भूमि अधिग्रहण के सवाल पर कहा, यदि केंद्र सरकार पूंजीपतियों को इस कानून में बचाएगी तो सपा विरोध करेगी। बिहार, बंगाल में विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन के सवाल पर कहा कि सपा की साइकिल अब नहीं रुकने वाली। खाकी पर लग रहे रेप के दाग के सवाल पर उन्होंने कहा कि घटनाएं कभी रुकती नहीं हैं लेकिन ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। कानून व्यवस्था प्रदेश में अच्छी है।

राज्यपाल के दायरे के सवाल पर कहा कि संवैधानिक दायरे में रहकर सबको बात करनी चाहिए। भाजपा राममंदिर बनाने की बात करती है, सपा के एक नेता ने मुलायम सिंह का मंदिर बनाने की बात कही थी, सवाल के जवाब में बोले, मंदिर भगवान का होता है। उन्हीं के लिए होना चाहिए।

chat bot
आपका साथी