झारखंड: नक्सल क्षेत्र के स्कूलों से एक साल से 240 बच्चे गायब

झारखंड में नक्सल क्षेत्र के स्कूलों से पिछले एक वर्ष के दौरान 240 बच्चे गायब हो गए हैं। बच्चे कहां हैं, इसकी जानकारी जिला प्रशासन के पास भी नहीं है।

By kishor joshiEdited By: Publish:Tue, 05 Jul 2016 12:04 AM (IST) Updated:Tue, 05 Jul 2016 12:12 AM (IST)
झारखंड: नक्सल क्षेत्र के स्कूलों से एक साल से 240 बच्चे गायब

गुमला। झारखंड के गुमला जिले के उग्रवाद प्रभावित दर्जनों गांवों के स्कूलों से 240 बच्चे गायब हैं। बच्चे कहां हैं इसकी जानकारी शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन के पास तो नहीं ही है, इन बच्चों के परिजनों को भी इनकी जानकारी नहीं है।

शिक्षा विभाग ने नक्सल प्रभावित क्षेत्र में संचालित स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों का सर्वे कर एक वर्ष पूर्व जिला प्रशासन को गायब बच्चों की सूची सौंपी थी। यह सर्वे उस समय किया गया था जब बिशुनपुर के कई गांवों से नक्सलियों द्वारा बच्चों को संगठन में शामिल करने के लिए ले जाने की बात सामने आई थी। बात सामने आने पर जिला प्रशासन के निर्देश पर शिक्षा विभाग ने स्कूलों का सर्वे कर उपस्थित व लगातार कई दिनों तक अनुपस्थित रहने वाले बच्चों की सूची तैयार की थी।

पढ़ें- बिहार में CRPF को बड़ी सफलता, टीपीसी के नौ नक्सली हुए गिरफ्तार

नक्सली खौफ के बीच शिक्षकों ने स्कूल से गायब बच्चों की सूची तैयार की, लेकिन यह नहीं लिखा कि कहीं-कहीं बच्चों को नक्सली भी ले गए हैं। हालांकि बाद में बिशुनपुर के जमटी, कटिया, बनालात, जोरी, टेमरकरचा में पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया एवं कुछ बच्चों को नक्सलियों के चंगुल से आजाद कराने में भी सफल रहे।

उपायुक्त श्रवण साय ने कहा कि वह इस मामले की पूरी जानकारी लेंगे। इसके बाद स्कूलों से गायब बच्चों के परिजनों से पूछताछ कर बच्चों के बारे में जानकारी ली जाएगी एवं बच्चों की स्कूलों में फिर से वापसी कराई जाएगी।

पढ़ें- छत्तीसगढ़: नक्सलियों ने परिजनों के सामने की भाजपा नेता की हत्या

chat bot
आपका साथी