बल्ली वापस भाजपा में शामिल

दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री हरशरण सिंह बल्ली कांग्रेस छोड़कर फिर से भाजपा में लौट आए हैं। बल्ली के साथ हीं आम आदमी पार्टी (आप) संयोजक अरविंद केजरीवाल के निकट सहयोगी रहे अश्वनी उपाध्याय, सेवानिवृत कर्नल सुभाष तलवार, राजेश गुप्ता व सलिल कुमार तथा कांग्रेस नेता दीपक कुमार ने भी

By anand rajEdited By: Publish:Wed, 26 Nov 2014 09:41 AM (IST) Updated:Wed, 26 Nov 2014 09:55 AM (IST)
बल्ली वापस भाजपा में शामिल

नई दिल्ली (राज्य ब्यूरो)। दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री हरशरण सिंह बल्ली कांग्रेस छोड़कर फिर से भाजपा में लौट आए हैं। बल्ली के साथ हीं आम आदमी पार्टी (आप) संयोजक अरविंद केजरीवाल के निकट सहयोगी रहे अश्वनी उपाध्याय, सेवानिवृत कर्नल सुभाष तलवार, राजेश गुप्ता व सलिल कुमार तथा कांग्रेस नेता दीपक कुमार ने भी भाजपा का दामन थाम लिया। इस मौके पर बल्ली ने कहा कि वे पार्टी को मजबूत करने के लिए दिन-रात काम करेंगे।

मंगलवार को दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय व प्रदेश प्रभारी प्रभात झा ने सभी का स्वागत किया। इस मौके पर बल्ली अपने समर्थकों के साथ आए थे जिन्होंने प्रदेश कार्यालय में ढोल-नगाड़े बजाकर घर वापसी का जश्न मनाया। बल्ली ने कहा कि पिछले वर्ष हुए विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा छोड़ना उनकी भूल व उनका स्वार्थ था। उन्होंने कहा कि इसका उन्हें पश्चाताप है तथा वे बिना शर्त घर वापसी कर रहे हैं। अश्वनी उपाध्याय व उनके साथ भाजपा में शामिल हुए आप के अन्य नेताओं ने कहा कि वे लोग इस उम्मीद से केजरीवाल के साथ जुड़े थे कि वह गांधी के सपनों का देश बनाने में योगदान देंगे, लेकिन उन्हें निराशा मिली है। इन नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद केजरीवाल ने अपने कार्यकर्ताओं से मिलना और टेलीफोन उठाना भी बंद कर दिया।

अश्वनी ने कहा कि आप में स्वराज के नाम पर सिर्फ टोपी पहनाई जाती है। हकीकत में वहां कोई आंतरिक लोकतंत्र नहीं है। उन्होंने कहा कि आंदोलन से बनी हुई आप का हाल भी अब बसपा व सपा जैसा हो गया है। इसलिए अच्छी-खासी नौकरी छोड़कर आप में शामिल हुए युवा व अन्य लोग अब इससे दूर जा रहे हैं। कांग्रेस नेता दीपक कुमार ने कहा कि कांग्रेस ने दलितों को कभी सम्मान नहीं दिया। उन्हें वह सिर्फ वोट बैंक की तरह देखती है। दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दलितों व सफाईकर्मियों को सम्मान दे रहे हैं। सभी का स्वागत करते हुए सतीश उपाध्याय व प्रभात झा ने कहा कि आने वाले दिनों में कई और लोग भाजपा में शामिल होंगे।

पढ़ेंः मुख्यमंत्री के मुद्दे पर भाजपा को घेरेगी आप

पढ़ेंः नियमित होंगी राजधानी की अनाधिकृत कालोनियां

chat bot
आपका साथी