ब्राउन शुगर की तस्करी करते पकडाया सरकारी दफ्तर का चपरासी, लाइफस्टाइल देखकर पुलिस भी हैरान

ब्राउन शुगर तस्कर का नाम शंकरलाल वैष्णव है। लोक आयोग के भृत्य थे ये।

By Nitin AroraEdited By: Publish:Thu, 13 Aug 2020 10:21 AM (IST) Updated:Thu, 13 Aug 2020 10:27 AM (IST)
ब्राउन शुगर की तस्करी करते पकडाया सरकारी दफ्तर का चपरासी, लाइफस्टाइल देखकर पुलिस भी हैरान
ब्राउन शुगर की तस्करी करते पकडाया सरकारी दफ्तर का चपरासी, लाइफस्टाइल देखकर पुलिस भी हैरान

रायपुर, जेएनएन। डेढ़ करोड़ की ब्राउन शुगर के साथ महासमुंद पुलिस के हत्थे चढ़े लोक आयोग के भृत्य शंकरलाल वैष्णव (30) का जीवन स्तर देखकर पुलिस भी दंग रह गई। शंकरलाल मूलतः राजस्थान के जैसलमेर का रहने वाला है। यह इलाका पाकिस्तान सीमा से लगा हुआ है। पिछले दस सालों से वह कांशीराम नगर स्थित लोक आयोग में भृत्य है। एक भृत्य के पास महंगे मोबाइल, कार, बाइक, सोने-चांदी के जेवर और ऐशो आराम का सारा सामान मिला। वह ब्राउन शुगर को खपाने के लिए रायपुर से महासमुंद के रास्ते ओडिशा के खरियार रोड जा रहा था। पुलिस को चकमा देने के लिए उसने मेस्ट्रो मैजिक स्कूटर में हार्लिक्स के डिब्बे में 550 ग्राम, जेब में 50 ग्राम और दूसरे प्लास्टिक के डिब्बे में 180 ग्राम ब्राउन शुगर रखा था।

महासमुंद एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने नईदुनिया को बताया कि शंकरलाल वैष्णव रायपुर के कांशीराम नगर स्थित सरकारी मकान में अकेला रहता है। पूछताछ में उसने जयपुर और जैसलमेर के एक तस्कर का नाम लिया है, जिसके माध्यम से पाकिस्तान के तस्कर से उसने ब्राउन शुगर खरीदी। उसने पहली बार ब्राउन शुगर की तस्करी करना बताया है। पुलिस को शक है कि उसका कनेक्शन पाकिस्तानी के तस्करों से है।

जिसका नाम बताया वह ओडिशा जेल में बंद

ब्राउन शुगर की तस्करी के खेल में अकेला शंकरलाल ही नहीं बल्कि जयपुर, जैसलमेर, पाकिस्तान और ओडिशा के तस्कर भी शामिल हैं। पूछताछ में उसने अंतरराज्यीय, अंतरराष्ट्रीय तस्करों के नाम पुलिस को बताए हैं। इसके आधार पर पुलिस पूरे लिंक को खंगाल रही है। उसने जिस साथी तस्कर का नाम बताया है, वह ओडिशा जेल में बंद है। पुलिस उसके बारे में पता लगा रही है।

हथियार की खरीद-फरोख्त भी

पुलिस का दावा है कि ब्राउन शुगर के साथ शंकरलाल से जब्त आटोमेटिक पिस्टल, मैग्जीन व कारतूस से यह साफ है कि वह हथियार की खरीद फरोख्त भी करता रहा है। इस तस्करी में राजधानी रायपुर के भी लोग शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में कुछ लोगों के नाम सामने आए हैं। सभी को पुलिस ने जांच के घेरे में लिया है।

खुद को बताया क्राइम ब्रांच का अफसर

शंकरलाल को जब महासमुंद पुलिस ने घोड़ारी नदी मोड़ के पास घेरा तो उसने रौब झाड़ते हुए खुद को क्राइम ब्रांच का अफसर बताकर बचने की कोशिश की, लेकिन उसकी एक नहीं चली। एसपी ने बताया कि जैसलमेर के रास्ते पाकिस्तान के तस्कर ब्राउन शुगर की बड़ी खेप देशभर में पहुंचा रहे हैं। सीमा क्षेत्र से लगे तस्करों के जरिए इसकी आपूर्ति की जा रही है। पुलिस टीम जल्द ही जैसलमेर, जयपुर और ओडिशा जाकर ब्राउन शुगर की तस्करी में लिप्त लोगों की धरपकड़ करेगी।

chat bot
आपका साथी