छत्तीसगढ़ में बड़ा नक्सली हमला, मुठभेड़ में 4 जवान शहीद

नारायणपुर में बड़ा नक्सली हमला हुआ है। इस हमले में चार जवान शहीद हो गए हैं, जबकि नौ घायल बताए जा रहे हैं।

By Manish NegiEdited By: Publish:Wed, 24 Jan 2018 05:36 PM (IST) Updated:Wed, 24 Jan 2018 11:14 PM (IST)
छत्तीसगढ़ में बड़ा नक्सली हमला, मुठभेड़ में 4 जवान शहीद
छत्तीसगढ़ में बड़ा नक्सली हमला, मुठभेड़ में 4 जवान शहीद

नई दुनिया, नारायणपुर। गणतंत्र दिवस के एक दिन पहले छत्तीसगढ़ में नक्सलियों ने बड़ी घटना को अंजाम दे दिया। नारायाणपुर जिला मुख्यालय से करीब 58 किमी दूर छोटेडोंगर क्षेत्र के गुमटेर में नक्सलियों के एंबुश में फंसकर डीआरजी के दो सब इंस्पेक्टर समेत चार जवान शहीद हो गए, जबकि नौ घायल हैं। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

नक्सलियों की कंपनी नंबर छह की मौजूदगी की सूचना पर छोटे डोंगर, ओरछा व कड़ेनार कैंप से एसटीएफ व डीआरजी के जवानों को मंगलवार की रात ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया था। फोर्स की छह टुकडि़यां बुधवार सुबह इरपानार व गुमटेर में सर्चिग कर रही थीं। इनमें से अंतिम टुकड़ी, जिसमें 60 से 70 जवान शामिल थे, नक्सली एम्बुश में फंस गई। सुबह करीब 11 से एक बजे तक चली मुठभेड़ में डीआरजी के दो सब इंस्पेक्टर मूलचंद कंवर, विनोद कौशिक समेत दो आरक्षक देवनाथ पुजारी व राम सिंह मरकाम शहीद हो गए। वहीं आठ जवान घायल हो गए। इनमें एक गंभीर है।

महिला कमांडर थीं शामिल

हमले में नक्सलियों की कोएनार एरिया कमेटी व अमदई एलओएस (लोकल ऑपरेशन स्क्वॉड) शामिल थी। इनमें कोएनार एरिया कमेटी की कमान शोभी के हाथ थी जबकि अमदई एलओएस की कमांडर सौती थी। नक्सलियों ने यू आकार के एंबुश में फोर्स को घेर रखा था। नक्सलियों की संख्या सौ से अधिक बताई जा रही है।

पांच से छह नक्सलियों के भी मारे जाने का दावा

जवानों की शहादत की खबर मिलने के बाद दोपहर में बस्तर आइजी विवेकानंद सिन्हा, डीआइजी कांकेर रतनलाल डांगी समेत अन्य अफसर घटना स्थल पर पहुंच गए। ऑपरेशन के बाद की परिस्थितियों पर इनके बीच विचार-विमर्श चलता रहा। एसपी जितेंद्र शुक्ला ने मीडिया से चर्चा में घटनास्थल में दिखे खून के धब्बों के आधार पर पांच से छह नक्सलियों के भी मारे जाने का दावा किया है।

एक साल पहले हुआ था विवाह

डीआरजी के शहीद सब इंस्पेक्टर मूलचंद कंवर का विवाह एक साल पहले हुआ था। वहीं एक अन्य शहीद सब इंस्पेक्टर विनोद कौशिक का एक साल का बेटा है। दोनों शहीद अधिकारी 2013 बैच के बताए जा रहे हैं। शहादत की खबर जिला मुख्यालय में पहुंचने के बाद ऑपरेशन में गए जवानों के परिजनों में हाहाकार मच गया।

आइइडी विस्फोट में एक जवान शहीद

बीजापुर : छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के बासागुड़ा थाना क्षेत्र में बुधवार को आइईडी विस्फोट में डीआरजी के दो जवान घायल हो गए। एसटीएफ व डीआरजी के जवान एंटी नक्सल ऑपरेशन पर निकले थे। आइईडी की चपेट में आने से एसटीएफ के जवान लखन गढ़पायले को गंभीर चोटें आई। दोनों घायलों को उपचार के लिए हेलीकॉप्टर से जगदलपुर लाया गया जहां उपचार के दौरान लखन की मौत हो गई।

chat bot
आपका साथी