टाटा समूह की कंपनियों से इस्तीफा नहीं देंगे साइरस मिस्त्री

मिस्त्री अब इस बात पर अड़ गए हैं कि वह समूह की टाटा स्टील, टाटा मोटर्स और टीसीएस जैसी अहम कंपनियों के चेयरमैन पद से नहीं इस्तीफा नहीं देंगे।

By Manish NegiEdited By: Publish:Thu, 03 Nov 2016 10:31 PM (IST) Updated:Thu, 03 Nov 2016 10:44 PM (IST)
टाटा समूह की कंपनियों से  इस्तीफा नहीं देंगे साइरस मिस्त्री

मुंबई, प्रेट्र। टाटा संस के चेयरमैन पद से हटाए गए साइरस मिस्त्री और टाटा समूह के बीच टकराव बढ़ता ही जा रहा है। मिस्त्री अब इस बात पर अड़ गए हैं कि वह समूह की टाटा स्टील, टाटा मोटर्स और टीसीएस जैसी अहम कंपनियों के चेयरमैन पद से नहीं इस्तीफा नहीं देंगे। इसकी वजह से टाटा समूह की कंपनियों के अफसरों के बीच भ्रम की स्थिति है, क्योंकि उन्हें दो-दो बॉस के मातहत काम करना पड़ रहा है। उनके दूसरे बॉस समूह के अंतरिम चेयरमैन रतन टाटा हैं।

मिस्त्री के करीबी एक सूत्र ने बताया कि मिस्त्री टाटा ग्रुप में सभी पदों पर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वाह करते रहेंगे। इन कंपनियों का चेयरमैन पद छोड़ने की उनकी कोई योजना नहीं है। साइरस फिलहाल समूह की कई अहम कंपनियों के चेयरमैन पद पर डटे हुए हैं। समूह की प्रमुख कंपनी इंडियन होटल्स की चार नवंबर और टाटा केमिकल्स की 10 नवंबर को होने वाली निदेशक बोर्ड की बैठक की अध्यक्षता भी मिस्त्री कर सकते हैं। इन बैठकों में कंपनियों के तिमाही नतीजों को मंजूरी दी जानी है।

टीसीएस के पूर्व वाइस चेयरमैन रामादुरई ने एनएसजीसी और एनएसडीए के चेयरमैन पद से इस्तीफा दिया

साइरस को टाटा समूह की होल्डिंग कंपनी टाटा संस के चेयरमैन पद से 24 अक्टूबर को अचानक हटा दिया गया था। बोर्ड ने उनकी जगह रतन टाटा को अंतरिम चेयरमैन बना दिया। इसके बाद से साइरस लगातार रतन टाटा और समूह पर आरोपों की झड़ी लगाए हुए हैं। टाटा समूह भी पलटवार कर रहा है। इसी हफ्ते खुद रतन टाटा को सामने आना पड़ा। उन्होंने कहा कि समूह के बेहतर भविष्य के लिए मिस्त्री को हटाना जरूरी हो गया था।

इनके चेयरमैन हैं साइरस

टाटा स्टील, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), टाटा मोटर्स, इंडियन होटल्स कंपनी, टाटा पावर, टाटा ग्लोबल बेवरेजेस, टाटा केमिकल्स, टाटा इंडस्ट्रीज और टाटा टेलीसर्विसेज।

टाटा ब्रांड को लगा झटका

नई दिल्ली : कॉरपोरेट विवाद में उलझे टाटा समूह को एक और झटका लगा है। टाटा ब्रांड अब देश के शीर्ष ब्रांडों की ताजा सूची में चौथे से फिसलकर सातवें पायदान पर आ गया है। यह दीगर है कि ब्रांडों की यह रैंकिंग मिस्त्री को हटाए जाने से पहले ही कर ली गई थी। दक्षिण कोरियाई इलेक्ट्रॉनिक्स ब्रांड एलजी साल 2016 की इस लिस्ट में टॉप पर है।

जापान का सोनी दूसरे और कोरिया का ही सैमसंग मोबाइल्स तीसरे स्थान पर है। चौथे पर होंडा और सैमसंग पांचवें स्थान पर है। इनके बाद बजाज, टाटा और मारुति सुजुकी का नंबर आता है। ट्रस्ट रिसर्च एडवाइजरी (टीआरए) की ओर से भारत के सबसे आकर्षक ब्रांडों से जुड़े अध्ययन के आधार पर यह सूची जारी की जाती है। इस अध्ययन में देश के 16 शहरों के करीब 3,000 उपभोक्ताओं को शामिल किया गया।

टाटा और साइरस मिस्त्री विवाद पर समूह कंपनियों ने दिया एक्सचेंज को जबाव

chat bot
आपका साथी