Covid-19 in India : देश में 1.70 लाख से नीचे आए कोरोना के सक्रिय मामले, जानें- प्रमुख राज्यों का क्या है हाल

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि सक्रिय मामलों की संख्या 169824 रह गई है जो कुल मामलों का 1.58 फीसद है। सबसे ज्यादा केरल में 72482 सक्रिय मामले हैं। इसके बाद महाराष्ट्र में सक्रिय मामलों की संख्या सबसे ज्यादा 44384 है।

By Dhyanendra Singh ChauhanEdited By: Publish:Sat, 30 Jan 2021 08:00 PM (IST) Updated:Sat, 30 Jan 2021 08:00 PM (IST)
Covid-19 in India : देश में 1.70 लाख से नीचे आए कोरोना के सक्रिय मामले, जानें- प्रमुख राज्यों का क्या है हाल
देश में 24 घंटों के अंदर 13,083 नए संक्रमित मामले आए सामने

नई दिल्ली, जेएनएन। देश में पिछले कुछ दिनों से लगातार नए मामलों से अधिक मरीजों के ठीक होने से सक्रिय मामलों में गिरावट का रुख बना हुआ है। वर्तमान में सक्रिय मामले 1.70 लाख से भी नीचे आ गए हैं। रोजाना 15 हजार से कम नए मामले सामने आ रहे हैं और महामारी के चलते प्रतिदिन मरने वालों की संख्या भी 150 से कम ही है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि सक्रिय मामलों की संख्या 1,69,824 रह गई है, जो कुल मामलों का 1.58 फीसद है। सबसे ज्यादा केरल में 72,482 सक्रिय मामले हैं। इसके बाद महाराष्ट्र में सक्रिय मामलों की संख्या सबसे ज्यादा 44,384 है।

मंत्रालय के मुताबिक, नौ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में साप्ताहिक संक्रमण की दर राष्ट्रीय औसत से अधिक है। केरल में सबसे ज्यादा साप्ताहिक संक्रमण दर 12.20 फीसद है, 7.30 फीसद के साथ छत्तीसगढ़ दूसरे नंबर है। हालांकि, 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में साप्ताहिक संक्रमण दर राष्ट्रीय औसत से कम है।

24 घंटों में 137 और मरीजों की मौत

मंत्रालय की तरफ से शनिवार सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक, देशभर में पिछले 24 घंटों के दौरान 13,083 नए केस मिले हैं, 14,808 मरीज ठीक हुए हैं और 137 और मरीजों की मौत हुई है। इसके साथ ही अब तक सामने आ चुके संक्रमितों का आंकड़ा एक करोड़ सात लाख 33 हजार को पार कर गया है। इनमें से एक करोड़ चार लाख नौ हजार से अधिक मरीज पूरी तरह से संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और 1,54,147 लोगों की अब तक मृत्यु भी हो चुकी है। मरीजों के उबरने की दर बढ़कर 96.98 फीसद हो गई है और मृत्युदर 1.44 फीसद पर बनी हुई है।

शुक्रवार को 7.56 लाख टेस्ट

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) के मुताबिक, कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए देशभर में शुक्रवार को 7,56,329 नमूनों का परीक्षण किया गया। इनको मिलाकर अब तक कुल 19.58 करोड़ नमूनों की जांच की जा चुकी है।

chat bot
आपका साथी