मोदी की लोकप्रियता से परेशान है कांग्रेसः वेंकैया नायडु

संसद को लगातार बाधित करने के लिए कांग्रेस की आलोचना करते हुए केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू ने शनिवार को कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बढ़ती लोकप्रियता से परेशान है।

By Amit MishraEdited By: Publish:Sat, 25 Jul 2015 07:06 PM (IST) Updated:Sat, 25 Jul 2015 07:42 PM (IST)
मोदी की लोकप्रियता से परेशान है कांग्रेसः वेंकैया नायडु

बेंगलुरु। संसद को लगातार बाधित करने के लिए कांग्रेस की आलोचना करते हुए केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू ने शनिवार को कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बढ़ती लोकप्रियता से परेशान है।

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि वह देश और सरकार के लिए एक मूल्यवान संपत्ति हैं। पूरी पार्टी दृढ़ता से उनके पीछे खड़ी है। हमारा स्पष्ट मानना है कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है। उन्होंने जो कुछ किया वह न तो गैरकानूनी है और न ही अनैतिक है। एक मंत्री के रूप में उनका प्रदर्शन शानदार है। वह सदन में जवाब देने के लिए तैयार हैं, लेकिन विपक्ष उन्हें ऐसा करने नहीं दे रहा है।

संसदीय कार्यमंत्री ने सुषमा के काम को 'अपराध' बताने के लिए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की भी आलोचना की। उन्होंने पूछा कि कांग्रेस राज में भोपाल गैस कांड के वारेन एंडरसन, मुंबई धमाकों के दाऊद इब्राहिम और बोफोर्स घोटाले के क्वात्रोच्चि को जो विदेश जाने दिया गया, वह क्या था? नायडू ने कहा कि कांग्रेस प्रधानमंत्री मोदी और सरकार की छवि को धूमिल करना चाहती है। उसका इरादा हमें विफल करने का है। संसदीय कार्यमंत्री के रूप में मुझे यह देखकर बहुत दुख होता है कि विपक्ष संसद को नहीं चलने दे रहा है।

नायडू ने कहा कि सर्वदलीय बैठक के दौरान 28 में से 27 पार्टियों ने संसद चलने देने पर सहमति व्यक्त की थी। लेकिन दुर्भाग्य से कांग्रेस ने अपनी धमकी पर अमल किया। उन्होंने याद दिलाया कि मानसून सत्र की पूर्व संध्या पर ही राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी आजाद ने कोई कामकाज नहीं होने देने की बात कही थी। इससे स्पष्ट है कि वे लोग पहले से ही सदन को नहीं चलने देने का मन बनाकर आए थे।

पढ़ें : अन्य दलों का साथ न मिलने से टला सोनिया-राहुल का धरना

कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं

केंद्रीय मंत्री सदानंद गौड़ा ने कहा है कि कांग्रेस के पास कोई अन्य मुद्दा न होने के चलते यह संसद में व्यापम और ललित मोदी का मामला उठा रही है। चेन्नई हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि सुषमा स्वराज, शिवराज सिंह चौहान या वसुंधरा राजे में से किसी ने कोई अपराध नहीं किया है। स्वराज ने कैंसर पीडि़त एक भारतीय नागरिक की मदद की है। गौड़ा ने कहा कि कांग्रेस संसद की कार्यवाही में भाग लेकर जरूरी मुद्दों पर चर्चा करना नहीं चाह रही है। वह देशहित में जरूरी कई विधेयकों को पारित नहीं होने देना चाह रही है। यह लोकतंत्र के लिए घातक है।

chat bot
आपका साथी