यमुना को देना होगा जीवन: मनोज तिवारी

अविरल गंगा, निर्मल गंगा के लिए यमुना का अविरल व निर्मल होना जरूरी है। पवित्र यमुना जीवनदायिनी है लेकिन वर्तमान में यमुना की दुर्दशा देखी नहीं जा रही है। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। यमुना स्वच्छ होगी और इसके किनारे सबको अपनी ओर बुलाएंगे। यमुना का पानी जहरीला नहीं होगा। इसके लिए सबको जागरूक होना होगा। इस जीव

By Edited By: Publish:Thu, 03 Jul 2014 07:43 AM (IST) Updated:Thu, 03 Jul 2014 08:05 AM (IST)
यमुना को देना होगा जीवन: मनोज तिवारी

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। अविरल गंगा, निर्मल गंगा के लिए यमुना का अविरल व निर्मल होना जरूरी है। पवित्र यमुना जीवनदायिनी है लेकिन वर्तमान में यमुना की दुर्दशा देखी नहीं जा रही है। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। यमुना स्वच्छ होगी और इसके किनारे सबको अपनी ओर बुलाएंगे। यमुना का पानी जहरीला नहीं होगा। इसके लिए सबको जागरूक होना होगा। इस जीवनदायिनी नदी को जीवन देना होगा। बुधवार को यमुना के आइटीओ स्थित छठ घाट पर यमुना-हिंडन रथ यात्र की शुरुआत के मौके पर संकल्प लेते हुए उत्तर पूर्वी दिल्ली के सांसद व भोजपुरी फिल्मों के सुपर स्टार मनोज तिवारी ने अपने भाव व्यक्त किए। तिवारी और पूर्वी दिल्ली नगर निगम की महापौर मीनाक्षी ने हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया।

तिवारी ने कहा कि बनारस में गंगा मइया की समस्या को लेकर पिछले 12 वर्षो से जूझता रहा हूं। दैनिक जागरण के अभियान में शामिल होकर लग रहा है कि गंगा मइया ने ही यमुना मइया की सेवा करने के लिए भेजा है। जब तक यमुना स्वच्छ नहीं होगी तब तक गंगा मइया की स्वच्छता नहीं हो सकती है। पवित्र यमुना के किनारे रहकर भी दिल्लीवासी प्यासे रहते हैं। पानी के लिए मारामारी से लेकर धरना प्रदर्शन तक करते रहते हैं। लेकिन अब जरूरत है इस नदी को स्वच्छ व निर्मल बनाने की। उन्होंने कहा कि वह संकल्प लेते हैं कि यमुना को निर्मल बनाने के लिए वह लगातार प्रयास करते रहेंगे। इसके लिए संसद में इस मामले को उठाने से लेकर सांसदों के साथ गंगा-यमुना किनारे बसे लोगों के बीच जाकर जागरूकता अभियान चलाएंगे, क्योंकि गंगा-यमुना तभी स्वच्छ हो सकती हैं जब इसके लिए जनजागरण हो। इसके लिए दैनिक जागरण ने अलख जगा दी है।

महापौर मीनाक्षी ने कहा कि नगर निगम द्वारा यमुना को स्वच्छ रखने के लिए अभियान शुरू किया जाएगा। जितनी गंदगी यमुना में डाली जा रही है, उसे रोकने के लिए योजना बनाकर उस पर काम किया जाएगा।

भाजपा नेता जगदीश ममगईं ने कहा कि पिछले 30 साल से यमुना को स्वच्छ करने की कवायद चल रही है लेकिन अभी तक उसका कोई फायदा नहीं हुआ। सौ दिन चले अढ़ाई कोस वाली कहावत चरितार्थ हो रही है। यमुना के हम गुनहगार हैं। हमने ही इसे इतना गंदा किया है, इसलिए हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है कि हम ही इसे स्वच्छ करें। जब यमुना का पानी पीने लायक हो जाएगा तभी हमारा प्रयास सफल होगा।1विश्व हिन्दू परिषद के प्रदेश प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा कि जागरण परिवार का यह अभियान वास्तविक रूप में लोगों में जागरण लाने का कार्य करेगा। लोगों की जागरूकता से ही यह कार्य होगा। पालम 360 खाप के प्रधान चौधरी रामकरण सोलंकी ने कहा कि यमुना की सफाई के साथ-साथ इसकी गहराई भी 20 फुट बढ़ानी होगी। जिससे इसमें हमेशा पानी रहे। कार्यक्रम का संचालन करते हुए भाजपा के नवीन शाहदरा जिला अध्यक्ष अनिल गुप्ता ने कहा कि मोदी सरकार ने नदियों को निर्मल करने की शुरुआत की है। वहीं, दैनिक जागरण ने दिल्ली में इस पहल की शुरुआत छठ घाट से की है, जो निश्चित तौर पर लोगों को जागरूक करेगा। इस मौके पर भाजपा नेता राजकुमार बल्लन, आनंद त्रिवेदी, ठाकुर अवधेश सिंह, दीपक ठाकुर, ताराचंद उपाध्याय, मुकेश अरोड़ा, भारत माहौर, राजकुमार श्रीवास्तव, आम आदमी पार्टी की नेता प्रभा सिंह, समाज सेवी मनोज खंडेलवाल व हरज्ञान सिंह गहलोत सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी