यूपी: मंत्रियों के विभागों पर आलाकमान की मुहर, जल्द हो सकती है घोषणा

यूपी में मंत्रियों के शपथ ग्रहण के बाद लोगों की निगाह मंत्रियों के विभाग बंटवारे पर टिकी हुई है।

By Lalit RaiEdited By: Publish:Tue, 21 Mar 2017 07:30 PM (IST) Updated:Wed, 22 Mar 2017 12:03 AM (IST)
यूपी: मंत्रियों के विभागों पर आलाकमान की मुहर, जल्द हो सकती है घोषणा
यूपी: मंत्रियों के विभागों पर आलाकमान की मुहर, जल्द हो सकती है घोषणा

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में सरकार गठन के बाद अब किसी भी वक्त मंत्रियों के विभागों का बंटवारा हो सकता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात कर कई विषयों पर चर्चा की। माना जा रहा है कि उसी चर्चा में विभागों को लेकर भी फैसला हो गया है। यह माना गया कि विभागों के बंटवारे में देरी का संकेत अच्छा नहीं होगा। लिहाजा इसकी घोषणा जल्द कर दी जाए।

यह संभव है कि कुछ अहम विभाग फिलहाल मुख्यमंत्री के पास ही रहें। मंगलवार की सुबह योगी ने पहले प्रधानमंत्री से मुलाकात की। बताते हैं कि उन्होंने यह भरोसा दिया कि वह उत्तर प्रदेश को उस दिशा में तेजी से बढाएंगे जो मोदी के सपनों को पूरा करे।

मोदी ने चुनाव के वक्त प्रदेश की जनता से जो वादा किया है उसे पूरा किया जाएगा और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि भ्रष्टाचार निवारण और कानून व्यवस्था का बदला हुआ स्वरूप एक पखवाड़े के अंदर ही दिखे। बाद में उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह और वित्त मंत्री अरुण जेटली से भी शिष्टाचार मुलाकात कर प्रदेश के विकास के लिए सहयोग मांगा। शाह के साथ उनकी लंबी चर्चा हुई।

बताते हैं कि यहां कैबिनेट में विभागों के बंटवारे पर लगभग डेढ़ घंटे तक चर्चा हुई। योगी ने एक खाका दिखाया और शाह ने उसे मंजूरी दे दी। शाह की ओर से उन्हें सिर्फ इतना निर्देश दिया गया है कि मंत्रियों का विश्वास जीतकर यह भी सुनिश्चित करें कि हर विभाग एक गति से सही दिशा में बढे। माना जा रहा है कि मंगलवार की रात या बुधवार की सुबह इसकी घोषणा हो जाएगी। 

यह भी पढ़ें: राम मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट का सुझाव स्वागतयोग्य : योगी आदित्यनाथ

chat bot
आपका साथी